कमिश्नरेट पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार को फर्जी मार्कशीट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस के हत्थे चढ़े इस गिरोह के पास से सैकड़ों की संख्या में कई जाने-माने बोर्ड से जारी होने वाली फर्जी मार्कशीट बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह छात्रों को झांसे में लेकर उन्हें अलग-अलग बोर्ड की फर्जी मार्कशीट मुहैया कराता था। जिसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।शनिवार शाम चिनहट थाना क्षेत्र स्थित फैजाबाद रोड पर चेकिंग के दौरान फर्जी मार्कशीट बनाकर छात्र-छात्राओं के साथ ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने बताया कि शाम चेकिंग के दौरान मनीष प्रताप सिंह, गोविंद अग्रवाल और अमित सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया है। मौके पर सैकड़ों की संख्या में फर्जी मार्कशीट मिली हैं। तीनों आरोपी गिरोह बनाकर फेल छात्रों का रोल नंबर निकालकर उनसे बात करते थे। फिर उन्हें झांसे में लेकर तकरीबन 25 हजार तक की मोटी रकम वसूलकर अलग-अलग बोर्ड की फर्जी मार्कशीट सौंप देते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह अब तक 600 से अधिक बच्चों को फर्जी मार्कशीट देकर पास करा चुका है।
लखनऊ -फेल छात्रों को पास कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश

