चौक में आर्थिक तंगी और नवजात बेटी की मौत से व्यथित दंपति ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उन्हें पुलिस को सूचना दिए बिना ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे थे। जहां इलजा के दौरान पति की मौत हो गई। वहीं, पत्नी का इलाज चल रहा है।बान वाली गनी निवासी शिवम रस्तोगी (25) सर्राफ कारीगर था। एक साल पहले शिवम ने मड़ियांव निवासी काजल से प्रेम विवाह किया था। दो महीने पहले काजल ने बेटी को जन्म दिया था। जिसकी मौत हो गई थी। नवजात की मौत होने के बाद से ही शिवम और काजल काफी परेशान रहते थे। बेटी के गम में शिवम काम पर नहीं जा रहा था। कई दिनों बाद परिवार वालों के समझाने पर शिवम ने काम तलाशना शुरू किया था। लेकिन उसे कहीं से भी जेवर तैयार करने का आर्डर नहीं मिला था। इस बात से दंपति पूरी तरह से टूट गया था। उनके लिए घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा था। परेशानियों में घिरे दंपति ने शनिवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। पिता निर्मल रस्तोगी के मुताबिक बेटा-बहू अपने कमरे में थे। दोपहर के वक्त शिवम की छोटी बहन कीर्ति स्कूल से लौटी थी। जो भाभी से मिलने के लिए कमरे में गई थी। जहां कमरे का दरवाजा उड़का हुआ था। कीर्ति के धक्का देते ही गेट खुल गया। कमरे में पहुंचने पर उसे भइया-भाभी बेड पर बेसुध पड़े मिले। उनका हाल देख कीर्ति चीख पड़ी। शोर मचने पर निर्मल भी कमरे में पहुंच गए। पड़ोसियों की मदद से शिवम और काजल को ट्रामा सेंटर ले जाया गया था जहां डाक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, काजल की हालत नाजुक बनी हुई है।इंस्पेक्टर चौक रत्नेश सिंह के मुताबिक बान वाली गली में हुए हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। ट्रामा सेंटर में शिवम की मौत होने के बाद मेमो भेजा गया था। जिसे हादसे का पता चला। फिलहाल शिवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक की पूछताछ में परिवार वालों ने आर्थिक तंगी और बेटी की मौत को ही वजह बताया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि काजल के मायके पक्ष को भी हादसे की सूचना दी गई है। अगर कोई तहरीर आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
लखनऊ -आर्थिक तंगी और नवजात बेटी की मौत से व्यथित दंपति ने खाया जहरीला पदार्थ ,पति की मौत पत्नी नाजुक हालत में

