कोहरे में रेलवे ट्रैक की मरम्मत के दौरान ट्रैकमैन हादसे के शिकार हो रहे हैं। रेलवे की ओर से उनकी सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी है। ऐसे में ट्रैक मेंटेनरों ने रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री व मोहनलालगंज सांसद कौशल किशोर से मिलकर ज्ञापन सौंपा।ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटनर यूनियन के जोनल महामंत्री राकेश चंद्र वर्मा के नेतृत्व में रेलवे ट्रैक मैनों ने सांसद से मिलकर अपनी पीड़ा जाहिर की। रेलवे में कार्यरत ट्रैक मेंटेनर कर्मचारियों के साथ हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ज्ञापन दिया। ओपन लाइन कर्मचारियों की सुरक्षा और संरक्षा में प्रभावी रक्षक यंत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई। उपकरणों की कमी के बारे में भी बताया गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने तत्काल प्रभाव से पत्र लिखकर रेल मंत्री से रक्षक यंत्र उपलब्ध कराने के लिए आग्रह किया है। प्रतिनिधिमंडल में राजकुमार गुप्ता, गोधन कुमार अजय सरोज, विनोद कुमार, विकास कुमार सरोज, श्रीकांत चौधरी, अमन कुमार कश्यप, प्रकाश कुमार साह शामिल रहे।
लखनऊ -सुरक्षा की लगाई गुहार, सांसद ने लिया संज्ञान

