लखनऊ -अब महिला कर्मी सुबह बच्चों को स्कूल भेजकर 7:00 बजे ड्यूटी पर आ सकेंगी

by | Apr 26, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

महिला सफाई कर्मचारियों को दो घंटे देरी से ड्यूटी पर आने की छूट मिल गई है। अब महिला कर्मी सुबह बच्चों को स्कूल भेजकर 7:00 बजे ड्यूटी पर आ सकेंगी। इस संबंध में शासन ने आदेश जारी किया है।पुरुष सफाई कर्मचारियों की तरह महिला सफाई कर्मियों को भी सुबह 5:00 बजे ड्यूटी पर बुलाया जा रहा था। इसको लेकर सफाई कर्मियों ने नगर निगम के सामने पिछले दिनों जोरदार प्रदर्शन किया था। हंगामा और सड़क जाम कर दी थी। नगर निगम के समक्ष कूड़ा डाल कर प्रदर्शन किया था। महिला सफाई कर्मियों की मांग थी कि उन्हें सुबह दो घंटे देरी से आने की छूट मिले, क्योंकि उनके बच्चे स्कूल जाते हैं। सुबह 5:00 बजे ड्यूटी पर आने से वह बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाती हैं। शासन ने महिला सफाई कर्मियों को अब रियायत दे दी है। 11 अप्रैल को ही अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें उन्होंने महिला सफाई कर्मियों को सुबह 5:00 बजे से दो घंटे की छूट देने का निर्देश दिया था। इस संबंध में बैठक का मिनट्स जारी कर दिया गया है। इसमें साफ लिखा गया है कि नगर निकायों में सफाई के लिए निर्धारित समय सुबह 5:00 बजे है। महिला सफाई कर्मियों को दो घंटे छूट दी जाएगी। इस तरह महिला सफाई कर्मी अब सुबह 7:00 बजे ड्यूटी पर आ सकेंगी।