संवाददाता -तेलीबाग पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित राजीव नगर घोसियाना में मंगलवार को ईद मिलने जा रहे लोगों पर पड़ोसी ने हमला कर दिया। बवाल बढ़ने पर पथराव किया गया और दोनों पक्षों के बीच कई लोगों ने कुल्हाड़ी से भी हमला किया। इस हंगामे में कई लोग चोटिल हो गये। इस घटना की सूचना पर हड़कम्प मच गया। आनन फानन पुलिस बल वहां पहुंच गया। दोनों पक्ष एक ही समुदाय के थे और उनमें पुरानी रंजिश को लेकर यह बवाल हुआ था। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। इस पर जांच की जा रही है।राजीवनगर में रहने वाले कुक्कू घोसी,अपने बच्चों सद्दाम, फैज, शेरू के साथ पड़ोस में ईद मिलने जा रहे थे। वह अजीज पहलवान के घर के सामने पहुंचे ही थे कि वहां पहले से मौजूद अजीज, मजीद, शादाब, आमिर, तौसीम, आमिर, नूर आलम, जोर आलम समेत करीब एक दर्जन लोगों ने उन पर छत से पथराव शुरू कर दिया। विरोध करने पर इन लोगों ने कुल्हाड़ी से भी हमला किया। महिलाओं और बच्चों के साथ भी मारपीट की। बच्चों को दौड़ा कर पीटा। दूसरे पक्ष् से भी हमला किया गया। इस हंगामा में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आयी। सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गेट लगाने को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। पहले भी इन लोगों में मारपीट हो चुकी है। पर, तब दोनों पक्षों के बीच समझौत हो गया था। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पड़ताल की जा रही है।
लखनऊ -एक ही समुदाय के दो पक्ष भिड़े, पथराव

