सीतापुर – मुख्यमंत्री पोर्टल पर गलत आख्या लगाकर अफसरों को गुमराह किया जा रहा

by | May 3, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

अकबरपुर। विकास खंड कार्यालय लहरपुर के कर्मचारियों की मनमानी कार्यशैली के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी कार्यों का क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में जब कोई ग्रामीण मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करता है तो बिना किसी स्थलीय परीक्षण के गलत आख्या लगा दी जाती है।विकासखंड लहरपुर के दोस्तपुर टकेला निवासी धर्मेंद्र प्रताप ने बीते दिनों गांव में छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ऑनलाइन शिकायत पोर्टल पर शिकायत की थी जिसके संबंध में लहरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा परियोजना निदेशक को भ्रामक आख्या भेजकर यह बता दिया कि आवारा पशुओं के ठहराव की व्यवस्था संबंधित ग्रामसभा में कर दी गई है जबकि ग्रामवासी बताते हैं कि गांव में लगातार छुट्टा जानवर घूम रहे हैं और उनके ठहराव की कोई व्यवस्था नहीं है। दूसरी शिकायत क्षेत्र के ही नयागांव नेवादा निवासी रजनीश कुमार शर्मा ने गांव में व्याप्त गंदगी को लेकर की। जिसके संबंध में सहायक विकास अधिकारी द्वारा गलत आख्या लगाकर यह बताया गया कि सप्ताह में एक दिन शनिवार को न्याय पंचायत जीतामऊ के समस्त सफाई कर्मचारियों को उक्त गांव में सफाई कार्य को लगाया गया है जबकि ग्रामीण बताते हैं कि गांव में कहीं भी साफ-सफाई नजर नहीं आती और न ही कोई कर्मचारी आता है। दरअसल बिना जांच किए और घटनास्थल का बिना स्थलीय परीक्षण किए ही पंचायत सचिव एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा गलत आख्या लगा देना ब्लॉक कार्यालय लहरपुर के कर्मचारियों की कार्यशैली बन गया है। जिससे क्षेत्र में अनेक समस्याएं व्याप्त हैं।