लखनऊ -अब हर ग्राम पंचायत में करें महिला मेटों की तैनाती: केशव

by | May 5, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मनरेगा में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाएं। समस्त ग्राम पंचायतों में लक्षित महिला मेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं। इस कार्य को अभियान चलाकर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जहां महिलाओं को रोजगार मिलेगा, वही महिला सशक्तिकरण और महिला स्वावलंबन को बढ़ावा भी मिलेगा। उन्हें पूरे साल काम मिल सकेगा। वे गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में मनरेगा के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अन्य राज्यों की मनरेगा मजदूरी, श्रम विभाग द्वारा निर्धारित मजदूरी व अन्य बड़ी संस्थाओं द्वारा दी जा रही मजदूरी आदि का समावेश करते हुए मनरेगा में श्रमिकों के पारिश्रमिक को बढ़ाने का प्लान बनाया जाये तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाए। मनरेगा में कृषकों की आय बढाने के लिए कृषि व कृषि सहवर्ती कार्यों का अधिकाधिक समावेश करने का प्लान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मनरेगा में अभी 264 तरह के कार्य होते हैं। इसमें और कार्यों का समावेश करने की योजना बनाई जाए।ताकि ग्राम पंचायतें बेच सकें मिट्टीउन्होंने कहा कि मनरेगा से गांवों में सामुदायिक भवन बनाए जाने का प्रावधान किया जाए और इनका नामकरण किसी प्रतिष्ठित महापुरुष के नाम से किया जाएगा। विलुप्तता की कगार पर पहुंच चुकी नदियों के तल की सफाई करने का प्लान बनाया जाए। मनरेगा के कच्चे कार्यों से निकलने वाली मिट्टी के सदुपयोग की कार्य योजना बनाई जाए। यह मिट्टी ग्राम पंचायत बेच सकेंगी, स्थानीय लोगों, टाइल्स बनाने वाले, सड़कों के लिए मिट्टी, व अन्य कार्यों के लिए लोग मिट्टी लेंगे तो ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी और ईंटों के रेट में भी गिरावट आयेगी।लघु-सीमांत और बड़े किसानों के लिए भी हो व्यवस्थाउपमुख्यमंत्री ने कहा कि लघु-सीमांत किसानों को मनरेगा में कार्य करने का प्रावधान करने की योजना बनाई जाए। खेत-तालाब व प्लांटेशन में बड़े किसानों को काम करने की व्यवस्था करने की योजना मनरेगा में बनाई जाए। खेत-तालाब से जहां मछली पालन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं वाटर रिचार्जिग में भी सुविधा होगी। इस अवसर पर अपर आयुक्त मनरेगा योगेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।