जनपद में बिना मान्यता के संचालित हो रहे निजी स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल ने 225 प्राइवेट स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बीएसए कार्यालय के अनुसार इन स्कूलों को अंतिम नोटिस जारी करने के साथ ही स्कूल बंद करने की चेतावनी भी जारी की गई थी। बावजूद इसके स्कूल न बंद करने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई है। साथ ही अब तक कुल 24 बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को बंद कराया गया है। शासन की सख्ती के बाद जिले में बिना मान्यता के चल रहे निजी स्कूलों को चिह्नित कर सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया में तेजी आई। पहले चरण जनपद के नगर क्षेत्र व चौदह ब्लॉकों में कुल 249 ऐसे स्कूल चिह्नित किए गए हैं, जो बिना मान्यता के चल रहे हैं। इन स्कूलों को बंद करने के लिए अंतिम नोटिस जारी करने के बाद स्कूल बंद करने की चेतावनी जारी की गई थी। इनमें 24 स्कूल बंद हो गए, जबकि शेष 225 स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। दूसरे चरण में 60 और स्कूल बिना मान्यता के मिलेबिना मान्यता वाले स्कूलों के चिह्निकरण का काम जारी है। बीएसए कार्यालय के अनुसार दूसरे चरण में जनपद में कुल 60 बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों को चिह्नित किया गया है। इसके साथ ही अब कुल संख्या 309 पर पहुंच गई है। दूसरे चरण में कुल 60 स्कूलों में से सबसे अधिक 32 कुदरहा ब्लॉक से चिह्नित हुए हैं। इसी प्रकार रामनगर से 13, दुबौलिया से 6, बनकटी से 4, नगर क्षेत्र से 3 और गौर से दो स्कूलों को चिह्नित किया गया है। इन स्कूलों को भी अंतिम नोटिस जारी किया जा चुका है। नोटिस का अनुपालन न करने पर बहुत जल्द ही इन स्कूलों को बंद, सील कराने व एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। नजदीक के स्कूल में कराएं दाखिलाबीएसए ने बिना मान्यता के संचालित ऐसे स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पाल्यों का नामांकन निकट के परिषदीय स्कूल में कराना सुनिश्चित करें। यदि कोई छात्र-छात्रा अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं तो वह विकास खंड में अंग्रेजी माध्यम से संचालित परिषदीय स्कूलों में नामांकन करा सकते हैं। यदि किसी अभिभावक को बच्चे के नामांकन में किसी भी प्रकार की असुविधा होती है तो अपने ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। बस्ती के बीएसए जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के स्तर से उनके ब्लॉक क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे कुल 309 स्कूलों को दो चरणों में चिह्नित किया गया है। पहले चरण में चिह्नित 249 स्कूलों में से 24 स्कूलों को बंद कराने के साथ ही शेष पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दूसरे चरण में चिह्नित स्कूलों को अंतिम नोटिस जारी किया जा चुका है। स्कूल का संचालन होने पर बहुत जल्द उन्हें बंद या सील कराने, जुर्माना और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश – 225 प्राइवेट स्कूलों पर बड़ी कार्रवाई, एक-एक लाख रुपये का लगा जुर्माना

