लखनऊ -दवा मामले में कंपनियों को नोटिस देने की तैयारी

by | May 14, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

50 लाख रुपये की एक्सपायरी दवा मामले को लोहिया संस्थान प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। संस्थान प्रशासन ने एक्सपायर दवा वापस न लेने वाली कंपनियों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है। टेंडर के नियमों में भी संशोधन किया जाएगा। इसमें एक्सपायर दवा की उठान न करने वाली कंपनियों को नोटिस जारी करने संग कार्रवाई भी की जा सके।गुरुवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लोहिया संस्थान का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने 50 लाख रुपये की एक्सपायर दवाएं पकड़ीं। इस खुलासे के बाद संस्थान प्रशासन को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। शुक्रवार संस्थान प्रशासन ने दवा एक्सपायर से संबंधी दस्तावेज जांच कमेटी के सामने पेश किए। नियम और शर्तों को भी कमेटी से साझा किया।संस्थान की मीडिया सेल के मुताबिक लोहिया में पीजीआई की तर्ज पर हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड (एचआरएफ) के तहत दवाओं की खरीद-फरोख्त हो रही है। मरीजों को बाजार से सस्ती दर पर दवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। मीडिया सेल के मुताबिक तीन माह पहले ही एक्सपायरी दवाओं की सूचना कंपनी को दे दी जाती है। इसके बाद कंपनी दवाएं वापस ले लेती हैं। वापस की गई दवाओं का मूल्य अगले आर्डर में कम किया जाता है। लगातार कंपनियों को एक्सपायर दवा वापस ले जाने के लिए कहा जा रहा है। कंपनियां पैसे तो छोड़ रही हैं, लेकिन एक्सपायर दवाएं नहीं ले जा रही हैं। अब ऐसी कंपनियों की पहचान कर नोटिस थमाई जाएगी। अभी एक्सपायर दवा और उपकरणों को नष्ट करने के लिए संस्थान में कोई प्रावधान नहीं है। आगे इसका भी प्रावधान किया जाएगा।