उत्तर प्रदेश -डीजीपी ने कार्यभार ग्रहण किया, गिनाई प्राथमिकताएं, कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण होगी प्राथमिकता

by | May 14, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान ने शुक्रवार को कार्यवाहक डीजीपी का कार्यभार संभाल लिया। सरकार ने उन्हें स्थायी नियुक्ति होने तक यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के मुताबिक प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर प्रभावी कार्रवाई उनकी प्राथमिकता होगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।नवनियुक्त कार्यवाहक डीजीपी ने पदभार संभालने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इसके बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के मुताबिक महिला, बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारी वर्ग की सुरक्षा पर खास फोकस होगा। अपराध नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीकों और मानव संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। यूपी पुलिस एक बड़े परिवार की तरह है, इसलिए सभी को टीम भावना से काम करते हुए जनता की कसौटी पर खरा उतरना होगा। पुलिस कर्मियों की परेशानियों के प्रति संवेदनशीलता से काम करने का वादा करते हुए उन्होंने समस्याओं के जल्द निस्तारण का भरोसा भी दिया।