लखनऊ -सीलिंग के बाद भी अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

by | May 26, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

किसान पथ के पास सीलिंग के बाद भी अवैध प्लॉटिंग की जाती रही। एलडीए प्रवर्तन जोन एक की टीम ने बुधवार को बुलडोजर चलाकर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कर दी। विरोध की आशंका के मद्देनजर पुलिस के अलावा पीएसी भी मौके पर तैनात की गई जिसकी मौजूदगी में कार्रवाई हुई।इसके पूर्व 21 अप्रैल को विहित प्राधिकारी कोर्ट से ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया था। सहायक अभियंता अजय गोयल बुधवार को जूनियर इंजीनियर प्रमोद पाण्डेय, सुरेन्द्र द्विवेदी और सुपरवाइजर के साथ पहुंचे। प्राधिकरण और गोसाईंगंज थाने की पुलिस-पीएसी की मौजूदगी में निर्माण ध्वस्त किया गया। एलडीए के अनुसार एक्सला कुटुम्ब के निकट अलकनन्दा ग्रीन्स फेज-2 और फेज-3 में बड़े क्षेत्रफल पर ग्राम दुलारमऊ में अवैध प्लाटिंग की गई थी। इस संबंध में विहित प्राधिकारी कोर्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। चेतावनी के बावजूद लगातार निर्माण किए जाने पर 26 अगस्त 2021 में कोर्ट ने सीलिंग के आदेश पारित किए। इसके बाद छह सितम्बर को एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंच कर सीलिंग की कार्रवाई की। साथ ही इस निर्माण को स्थानीय पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। इसके बाद फिर बिल्डर ने निर्माण शुरू कर दिया। इसकी जानकारी और साक्ष्यों के आधार पर विहित कोर्ट ने ध्वस्तीकरण के आदेश दिए।