लखनऊ बिजली खम्भे से टूटे तार ने मासूम की जान ली

by | May 28, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

बिजली विभाग की घोर लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। कृष्णानगर में शुक्रवार सुबह बिजली के खम्भे से टूटकर गिरे तार की चपेट में आने से 11 साल के अर्जुन की मौत हो गई। अर्जुन का पैर खेलते हुये तार पर पड़ गया था, जिससे वह उसमें चिपक गया। चीखपुकार के बीच पुलिस ने बिजली सप्लाई बंद करायी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम की मौत से गुस्साये लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। आरोप है कि पांच दिन पहले आयी आंधी में तार टूट गया था। कई शिकायत के बाद भी अफसरों ने इसे सही नहीं करवाया था।मूल रूप से अमेठी जिले के गौरीगंज निवासी कांशी राम अपनी पत्नी मूलीमा व दो बच्चों के साथ एक महीने से कृष्णानगर के बरिगवां में रह रहे थे। कांशीराम मजूदरी कर जीवनयापन करता है। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे छोटा बेटा 11 वर्षीय अर्जुन घर के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान वह टूटे बिजली के तार की चपेट में आ गया। बच्चे को चीखते और बिजली तार से चिपका देखकर लोगों ने शोर मचाया। पुलिस वहां पहुंची और बिजली सप्लाई बंद करायी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से अर्जुन को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किये। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। वहीं अर्जुन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पड़ोसियों ने किसी तरह परिवार को सम्भाला। इस मामले में अभी तक किसी ने एफआईआर नहीं दर्ज करायी है।