वाराणसी -तंबाकू विक्रेताओं पर लागू होगी वेंडर लाइसेंस प्रणाली

by | Jun 1, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर नगर निगम में सोमवार को वेंडर लाइसेंसिंग प्रक्रिया लागू करने के लिए कार्यशाला हुई। जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ एवं यूपीवीएचए (उत्तर प्रदेश वॉलिन्टरी हेल्थ एसोसिएशन उप्र लखनऊ) की ओर से यह आयोजन किया गया। तय हुआ कि बनारस में तंबाकू विक्रेताओं के लिए वेंडर लाइसेंस प्रणाली लागू होगी। इसके तहत तंबाकू बेचने के लिए नगर निगम से अनुमति लेनी होगी। 18 वर्ष से कम उम्र के किशोर और बच्चों को तंबाकू नहीं बेचा जा सकेगा। उम्मीद है कि नगर निगम सदन की अगली बैठक में मुहर लग जाएगी।सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि तम्बाकू विक्रेता अप्रत्यक्ष रूप से इसका प्रचार भी करते हैं जिससे युवा पीढ़ी आकर्षित होती है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि वेंडर लाइसेंस प्रक्रिया लागू करने के लिए नगर निगम की आगामी बैठक में पुनःप्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के सलाहकार डॉ सौरभ प्रताप सिंह ने बताया कि तम्बाकू वेन्डर लाइसेंसिंग जनपद के लिए अति आवश्यक है। प्रदेश वॉलिन्टरी हेल्थ एसोसिएशन के क्षेत्रीय समन्वयक दिलीप पाण्डेय ने बताया कि सूबे के सभी नगर निगम द्वारा वेंडर लाइसेंसिंग लागू की जानी है। लखनऊ में यह लागू हो चुका है। इस दौरान संगीता सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद थे।