दुबग्गा थाने में तैनात सिपाही रिंकू ने शुक्रवार सुबह पत्नी बृजेश कुमारी (30) को पहले पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आत्महत्या का रूप देने के लिये उसके शव को कमरे में टुपटटे के सहारे लटका दिया। पत्नी की बेरहमी से हत्या के काफी देर बाद बाद रिंकू ने खुद ही थाने में सूचना दी कि पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस जब वहां पहुंची तो उसके पांच साल के बेटे ने भी पिता को आरोपी ठहराया। मायके वालों के बदांयू से लखनऊ आ जाने के बाद शाम पांच बजे शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर सिपाही को हिरासत में ले लिया है।बदांयू के उझानी में रहने वाले लटूरी लाल ने बेटी बृजेश कुमारी की शादी वर्ष 2015 में संभल, मढ़ैइया निवासी रिंकू से की थी। रिंकू दुबग्गा थाने में सिपाही है। वह बरावनकला में रिंकू और पांच साल के बेटे ऋषभ के साथ रह रहा था। एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक रिंकू ने शुक्रवार 11 बजे दुबग्गा थाने में पत्नी के खुदकुशी करने की सूचना दी थी। पुलिस जब पहुंची तो शव कमरे में सींखचे से दुपट्टे के सहारे लटका था। पैर जमीन पर टिके थे। यह देख पुलिस को रिंकू की बात पर विश्वास नहीं हुआ। रिंकू से पूछा कि शव कब देखा था। उसने कहा कि वह डयूटी से लौटा तो पत्नी का शव ऐसे ही लटका मिला। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने कई नमूने उठाये। उन्होंने भी हत्या की ओर इशारा किया। पर, सिपाही रट लगाये रहा कि पत्नी ने खुदकुशी की है। उसने गुरुवार को डांट दिया था। इससे ही गुस्सा होकर उसने फांसी लगा ली।मासूम बेटा बोला-पापा ने मम्मी को लटकायादुबग्गा पुलिस जब बरावन कला, विद्यासागर कालोनी में सिपाही रिंकू के घर पहुंची तो उसका पांच साल का बेटा ऋषभ उसके साथ था। रिंकू यह कोशिश कर रहा था कि बेटे से कोई कुछ न पूछे। अधिकारियों ने यह भांप लिया। इस पर महिला सिपाही के साथ ऋषभ को दूसरे कमरे में ले जाया गया। पुलिस ने जब पूछना शुरू किया तो वह पहले थोड़ा घबराया। फिर बहलाते हुये पूछा कि मम्मी-पापा में लड़ाई हुई थी। उसने हां में सिर हिलाया। फिर सहमी आवाज में कहा कि पापा ने मम्मी को मारा था। किसने लटकाया मम्मी को। इस पर बच्चा बोला कि पापा ने मम्मी को लटकाया। इसके बाद पुलिस ने फिर रिंकू से पूछा कि सच क्या है तो भी वह खुदकुशी करने की रट लगाये रहा। बेटे को बृजेश के पिता के सिपुर्द कर दिया गया।मायके वाले बोले-मेरे आने तक शव न हटाया जायेएसीपी आशुतोष ने बताया कि बृजेश के परिवारीजनों को सूचना दी गई तो उन लोगों ने आने तक शव न हटाने को कहा। शाम करीब चार बजे बृजेश के पिता लटूरी लाल, मां वरफी देवी रिश्तेदारों के साथ लखनऊ पहुंचे। इसके बाद बृजेश के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। लटूरी लाल ने रिंकू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।पत्नी ने काफी देर संघर्ष किया रिंकू सेपुलिस जब मौके पर पहुंची तो बृजेश के पैर जमीन पर टिका देख कर चौंक गई थी। उसी समय लग गया था कि यह खुदकुशी नहीं है। कमरे में चूड़ियां टूटी हुई थी। शरीर पर खरोंच के कई निशान थे। रिंकू के भी खरोंचे थी। इसी पर माना गया कि रिंकू से बचने के लिये बृजेश ने काफी संघर्ष भी किया। बृजेश के गले पर कसाव के निशान भी मिले हैं। इससे साफ है कि गला घोट कर हत्या की गई है। एसीपी आशुतोष का कहना है कि पुष्टि के लिये पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।कालोनी में हैरान रह गये सब लोगविद्यासागर कालोनी में रिंकी के मकान में किराये पर रहने वाले रिंकू को लेकर लोग तरह तरह की चर्चाये करने लगे। पुलिस ने बताया कि बेटे ने रिंकू पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है तो सब हैरान रह गये। पड़ोसियों ने यह बताया कि दोनों में लड़ाई अक्सर होती थी लेकिन रिंकू इस तरह बेरहमी से पत्नी का कत्ल कर देगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। मायके वालों ने कालोनी की महिलाओं से रिंकू के व्यवहार और अपनी बेटे के बारे में काफी कुछ पूछा। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने भी कि सिपाही ने सबका सिर नीचा कर दिया।रिंकू अक्सर पीटता था पत्नी कोमायके वालों ने बताया कि रिंकू अक्सर उनकी बेटी को मारता-पीटता था। भाई नीरज के अनुसार रिंकू ने उसका मोबाइल तोड़ दिया था और किसी से बात नही करने देता था। अपने मोबाइल से ही उसकी बात मायके वालों से करवाता था। दो साल पहले ट्रैक्टर खरीदने के लिये डेढ़ लाख रुपये मांगे थे जो दे दिये गये थे। उसके बाद वह कार लेने के लिये रुपये मांग रहा था। शादी के समय रिंकू बेरोजगार था। नौकरी लगने के बाद वह झगड़ा करने लगा था। वह उनकी बेटी को कई बार दूसरी शादी करने की धमकी भी देता था।
लखनऊ -सिपाही ने पत्नी की हत्या कर शव कमरे में लटकाया

