नोएडा -दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर दर्ज कराएं मुकदमासीएम योगी आदित्यनाथ

by | Sep 2, 2021 | ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

नोएडा के एमराल्ड प्रोजेक्ट केस में सीएम योगी आदित्यनाथ सख्त, कहा- दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर दर्ज कराएं मुकदमासीएम योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में सुपरटेक के एमराल्ड कोर्ट प्रोजेक्ट के निर्माण में अनियमितता को गंभीरता से लिया है। उन्होंने आरोपित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।नोएडा के सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट के हथौड़े के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कार्रवाई की तलवार निकाल ली है। बिल्डर के साथ मिलीभगत करने वाले एक-एक अधिकारी-कर्मचारी को चिह्नित कर आपराधिक मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश उन्होंने दिया है। सीएम योगी ने कहा है कि नोएडा विकास प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका की गहन जांच कराई जाए। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अक्षरश: पालन करते हुए निवेशकों की पाई-पाई लौटाई जाएगी।नोएडा प्राधिकरण की मिलीभगत से नियम विरुद्ध तरीके से बनाए गए सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट के ट्विन टावर्स को ध्वस्त करने का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उच्च स्तरीय बैठक अपने सरकारी आवास पर बुलाई। उन्होंने कहा कि 2004 से 2012 के बीच अलग-अलग समय पर प्रोजेक्ट को अनुमति दी जाती रही। इसमें तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका पाई गई है। आम आदमी के हितों से खिलवाड़ करने वाला एक भी दोषी न बचे, इसके लिए एक विशेष समिति गठित कर जांच कराई जाए। सीएम के निर्देश के बाद जांच कमेटी गठित भी कर दी गई।