सीतापुर। डीएम विशाल भारद्वाज व एसपी आरपी सिंह की अध्यक्षता कलक्ट्रेट सभागार में श्रावण मास के दृष्टिगत कांवड़ सेवा समिति के प्रतिनिधियों, शिव मंदिरों, धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों के साथ ही धर्मगुरुओं के साथ बैठक हुई। अधिकांश ने कहा कारौना से बचाव के लिए सभी को पूर्ण सतर्कता बरतते हुए कोविड प्रोटोकाल का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करना होगा। सभी ने कोविड की विषम परिस्थितियों को देखते हुए आयोजनों को सीमित करने और कांवड़ यात्रा आदि न निकाले जाने पर सहमति दी।बैठक में सभी ने एक स्वर में प्रशासन का पूर्ण सहयोग किए जाने का आश्वासन देते हुए कहा कि मानवता की रक्षा के लिए एवं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए आम जनमानस से अपील कर उन्हें निर्देशों का पालन किए जाने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। डीएम ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में जैसा कि सभी का एक मत प्राप्त हो रहा है कि श्रावण मास में यात्राएं निकाला जाना सम्भव नही है। उन्होंने सभी धर्मगुरुओं एवं महानुभावों से अपेक्षा की कि वह अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें एवं अपील भी करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिवालयों एवं धार्मिक स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखे जाने के लिए पूर्ण प्रयास प्रशासन द्वारा किया जायेगा। जिससे किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य एवं जनता की सुरक्षा के लिए सभी सम्भव उपाय किये जा रहे हैं। एसपी आरपी सिंह ने सभी को प्रेरित हुए कहा कि जीवन बचाना सर्वोपरि है। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि जीवन की रक्षा एवं व्यापक जनहित को दृष्टिगत रखते हुए एक सही अपील समय से कर जनता को जागरूक करें। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी डॉ. राजीव दीक्षित ने कहा कि सभी से विमर्श के बाद जो तथ्य सामने आये हैं, उनसे स्पष्ट है कि सभी का एक मत है कि आयोजन को सीमित किया जाये और कांवड़ यात्राएं न निकाली जाएं या सांकेतिक रूप से निकाला जाए। एएसपी एनपी सिंह ने कहा कि सभी को सावधानी बरतनी चाहिए। कोविड प्रोटोकाल का पालन करें।पांच से अधिक लोग एकत्रित न हों। मास्क का प्रयोग करें एवं सोशल डिस्टेंसिंग रखें।एडीएम विनय कुमार पाठक, नगर मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा, उपजिलाधिकारी सदर अमित भट्ट, सीओ सिटी पियूष सिंह सहित बाबा बैजनाथ धाम, देवदेवेश्वर, जंगली नाथ मंदिर, श्यामनाथ मंदिर, गौरीशंकर बाबा मंदिर, पत्थर शिवाला मंदिर, भीमनाथ मंदिर आदि मंदिरों के प्रतिनिधि, पुजारी, धर्मगुरू, कांवड़ समितियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सीतापुर -सभी धर्मगुरुओं ने कांवड़ यात्रा न निकालने पर जताई सहमति

