वाराणसी -सामाजिक आंदोलनों को दबा रही है सरकार

by | Oct 24, 2021 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती | 0 comments

अपना दल (कृष्णा) की राष्ट्रीय महासचिव पल्लवी पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दमनकारी नीति के तहत पुलिस बल का दुरुपयोग करते हुए अपना दल की अधिकार यात्रा रोक दी। शनिवार को भी जौनपुर में प्रस्तावित यात्रा पर अंकुश लगाते हुए वहां के जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया। इससे स्पष्ट है कि सरकार सामाजिक आंदोलनों एवं कार्यक्रमों का दमन कर रही है। ऐसे में विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा।शनिवार को परेडकोठी स्थित पर्यटक आवास गृह में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बनारस के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश सरकार के दमनकारी नीतियों को संज्ञान में लें और इस पर अंकुश लगाएं। क्योंकि सामाजिक मुद्दों को उठाने पर अंकुश लगाना लोकतांत्रिक अधिकार का हनन है। पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है 30 अक्तूबर से दोबारा सामाजिक मुद्दों पर हर जिले में यात्रा निकालकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। कार्यकर्ता गांव-गांव लोगों को जागरूक कर आंदोलन का स्वरूप तैयार करेंगे। आगामी विस चुनाव में सपा से गठबंधन पर उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी फोरम में बोर्ड तय करेगी। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह, जिला अध्यक्ष उमेश चंद मौर्य, राजेश पटेल रहे।