ठंड को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी की ओर से अस्पतालों और संबंधित विभागों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर के चारों कोनों में जरूरतमंदों के लिए कपड़ा और अन्नदा बैंक बनाए गए हैं। डीएम ने बताया कि कम्युनिटी किचेन के माध्यम से रैन बसेरे में रहने वालों को एक समय का भोजन मुहैया कराया जा रहा है।डीएम अभिषेक प्रकाश ने सभी शासकीय अस्पतालों को निर्देश दिया कि मरीजों के तीमारदारों के लिए रैन बसेरे संचालित करें। इनमें कोविड दिशा निर्देश का पालन हो। डीएम ने नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि ठंड में किसी को भोजन, वस्त्र, आश्रय या चिकित्सा के अभाव में जान न गंवानी पड़े इसका ध्यान रहे। यदि कहीं लापरवाही मिली तो सम्बंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। फुटपाथों, नगर निगम क्षेत्रों और अन्य खुले स्थानों पर रात में सोने वाले निराश्रित लोगों को रैन बसेरे में पहुंचाया जाए। डीएम ने कहा कि बहुत से लोग रैन बसेरों की जानकारी के अभाव मे भी मजबूरी में सड़कों पर सोते हैं। उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम को निर्देश दिया कि वह रैन बसेरों की सूची क्षेत्र की दुकानों, होटलों और थानों पर चस्पा करें। साथ ही निर्देश दिया कि नगर आयुक्त डूडा के माध्यम से भी रैन बसेरों की व्यवस्था सुनिश्चित कराए। साथ ही प्रत्येक चौकी और डायल 112 को स्थाई एवं अस्थाई रैनबसेरों से लिंक करने का निर्देश दिया।
लखनऊ -चारों कोनों में बनाए गए कपड़ा और अन्नदा बैंक

