उत्तर प्रदेश के देवरिया में शोहदों से परेशान लड़कियों को बड़ी राहत मिली है। देवरिया पुलिस ने शोहदों के खिलाफ अभियान चलाया जिसकी कमान महिला पुलिस के हाथों में है। महिला पुलिस टीम के सड़कों पर निकलते ही शोहदों में भगदड़ मच जा रही है। महिला थाने की पुलिस ने आपरेशन मजनू अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस टीम निकली तो महिला पुलिस कर्मियों को देख कर देवरिया के कतरारी तिराहे से शोहदे फरार हो गए। पुलिस ने शहर में जगह-जगह छात्राओं से बात की और उन्हें उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ.श्रीपति मिश्र के निर्देश पर महिला थाने की प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह मयफोर्स मकतरारी तिराहे पर पहुंची। बताया जा रहा है कि वहां स्कूल और कोचिंग से छूटने वाली छात्राओं को परेशान करने वाले कई मनचले मौजूद थे।महिला पुलिस टीम के तिराहे पर रुकते ही चौराहे पर भगदड़ मच गई। महिला पुलिसकर्मियों ने कुछ लड़कों को रोककर पूछताछ की। कई लड़के दूर से ही यह देखकर भाग निकले। इसके साथ ही पुलिस टीम ने स्कूल से आ रही छात्राओं को रोक कर उनकी सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी। महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को बताया कि उनके साथ रास्ते में, कालेज में या कोचिंग में कहीं भी यदि छेड़खानी होती है तो इसकी जानकारी तत्काल दें। उन्होंने उन्हें पुलिस हेल्पलाइन का नंबर भी दिया। इसके साथ ही पुलिस ने छात्राओं को साइबर क्राइम के बारे में भी जागरूक किया।
उत्तर प्रदेश -सड़क पर उतरते ही चौराहों पर मची भगदड़, शोहदों की शामत बना ऑपरेशन मजनू

