पांच दिसंबर को प्रस्तावित समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) परीक्षा 2021 के लिए जिले में एक ऐसे स्कूल को केंद्र बना दिया गया है जो यूपी बोर्ड की परीक्षा में सामूहिक नकल के आरोप में डिबार हो चुका है। श्रीमति फूलपति देवी इंटर कॉलेज बम्हरौली को 2018 की यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल के आरोप में 2019 से 2021 तक की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए डिबार कर दिया गया था। इसके बावजूद दागी स्कूल को पांच दिसंबर की परीक्षा का केंद्र बना दिय गया है। फूलपति देवी स्कूल में तीन केंद्र ब्लॉक ए, बी और सी करके बनाए गए हैं। यहां 1344 अभ्यर्थियों को सेंटर आवंटित किया गया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से पांच दिसंबर को 22 शहरों में आरओ-एआरओ 2021 (सामान्य/विशेष चयन) 2021 की प्रारंभिक परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और 2:30 से 3:30 बजे तक होगी। इसके लिए कुल 1214 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सामान्य चयन के 228 और विशेष चयन के 109 कुल 337 पदों के लिए 559165 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस प्रकार एक पद के लिए औसतन 1659 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया हैं। परीक्षा आगरा, बस्ती, इटावा, गाजीपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, रायबरेली, वाराणसी, सीतापुर, मिर्जापुर व मथुरा में कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश -नकल कराने वाले स्कूल में आरओ-एआरओ का सेंटर

