हरदोई। हरदोई-लखनऊ रोड पर संडीला कोतवाली क्षेत्र में नवीन मंडी स्थल के निकट शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से मरी महिला के शव पर पूरी दूसरे वाहन रात रौंदते रहे। सुबह तक शव को पहचानने लायक़ नहीं बचा। घटनास्थल पर साड़ी, पायल, चंद चूड़ियाँ, एक हाथ की कुछ उंगलियां व बिखरा हुआ खून ही मिल सका। सुबह लोग यही समझते रहे कि दुर्घटना में कोई जानवर मरा है, लेकिन पायल, चूड़ी व साड़ी को देखने के बाद महिला का शव होने की पुष्टि की गई।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंची, काफी प्रयासों के बाद मृतका की पहचान नानक खेड़ा निवासी रामचेला की पत्नी विद्या देवी के रूप में हुई। रामचेला व उनके बेटों ने मौके पर आकर पायल, चूड़ी व साड़ी से शव की पहचान की। मृतका के पति रामचेला ने बताया कि विद्यादेवी का मानसिक स्तर ठीक नहीं था। वह शुक्रवार को कछोना स्थित अपनी बेटी के यहां गई थी और शाम चार बजे पैदल ही वापस गांव के लिए निकल पड़ी। रात को किसी समय अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिल गई है, अज्ञात वाहन के खिलाफ मुक़दमा दर्ज किया गया है।
हरदोई -हादसे में मरी महिला के शव को पूरी रात रौंदते रहे वाहन

