वाराणसी -बाबा के दरबार का भव्य रूप देख भक्त निहाल

by | Dec 19, 2021 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद पहले रविवार को श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। सावन के सोमवार जैसा नजारा है। मंदिर प्रशासन से मिली जनकारी के मुताबिक, दोपहर तीन बजे तक सवा लाख से ज्यादा भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। बाबा के दरबार का भव्य रूप देख भक्त निहाल हो उठे। श्रद्धालुओं ने बाबा के धाम के वैभव को निहारा और उनका आशीर्वाद लिया।धाम में दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु के मन में नव्य-भव्य धाम के निर्माण को देखने की लालसा रही। स्थानीय दुकानदारों में चर्चा रही कि जैसे सावन के सोमवार या शिवरात्रि पर भीड़ उमड़ती है, ठीक उसी प्रकार का नजारा आज है। गेट नंबर चार से गोदौलिया-ज्ञानवापी तक लगी कतार खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।भक्तों की भीड़ को देख अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ी भीड़ का कारण रविवार का अवकाश और अंतरगृही यात्रा है। अंतरगृही यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने शनिवार रात चौकाघाट में विश्राम किया। रविवार सुबह बाबा विश्वनाथ के दर्शन को पहुंचे।आलम ये है कि रविवार तड़के से ही बाबा दरबार में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी है। केवल वाराणसी ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों और पूर्वांचल के कई जिलों से सुबह ही भक्त बाबा के भक्त दर्शन करने पहुंचे हैं। हाथ में फूल, माला, प्रसाद लिए श्रद्धालु हर-हर महादेव के जयघोष करते रहे। इसके बाद दर्शन पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लेकर सुख समृद्धि की कामना की। मैदागिन से गोदौलिया वाले मार्ग पर गेट नंबर चार के पास सड़क पर महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों में बाबा के दर्शन को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा था। हर कोई नंगे पाव खड़े होकर बारी का इंतजार करता रहा। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए बाहर सुरक्षाकर्मी लोगों की मदद में लगे रहे। गेट पर खड़ी पुलिस, पीएसी के जवान लोगों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दे रहे थे। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी होती रही। खबर लिखे जाने तक दर्शन पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा।