अब एलडीए की बसंतकुंज योजना में भी घटिया सड़क बनाने का मामला सामने आया है। उन्नाव के पुरवा से विधायक अनिल सिंह ने यहां सड़कों के घटिया की शिकायत प्रमुख सचिव आवास से की थी। शासन ने एलडीए से इसकी पूरी रिपोर्ट मांगी है। सड़कों की जांच लोनिवि की तकनीकी लेखा समिति से कराने की तैयारी है।एलडीए ने बसंतकुंज योजना के समाधान पुरम में कई सड़कों का निर्माण कराया है। पुरवा विधायक अनिल सिंह ने अगस्त में ही प्रमुख सचिव आवास से आवंटियों की शिकायतों के आधार पर प्रमुख सचिव आवास से लिखित शिकायत की थी। विधायक ने इसकी जांच एलडीए से इतर लोक निर्माण विभाग की तकनीकी लेखा समिति से कराने का अनुरोध किया था। विधायक की शिकायत पर शासन ने दस दिसम्बर को एलडीए उपाध्यक्ष को पत्र लिखा है। शासन ने इन सड़कों के निर्माण के सम्बंध में सुस्पष्ट आख्या तत्काल मांगी है। विधायक ने लिखा है कि सेक्टर ओ, जे बसंतकुंज की सड़कों के निर्माण में काफी भ्रष्टाचार किया गया है। माप पुस्तिका में गलत माप दर्ज की गयी है। जो काम किए गए हैं, वह मानक अनुरूप नहीं है। ठेकेदारों और इंजीनियरों ने पूरी तरीके से सरकारी पैसे का गबन किया है।एलडीए सबसे अच्छी सड़कें बना रहा है। कहीं कोई भी सड़क घटिया नहीं है। ट्रांसपोर्टनगर में 40 वर्ष चलने वाली सड़क बनायी जा रही है। इसी तरह बसंतकुंज में भी काफी अच्छी सड़कें बनी हैं।इंदुशेखर सिंह, मुख्य अभियन्ता, एलडीए
लखनऊ -घटिया सड़क की जांच शुरू

