सीतापुर -किसान दिवस पर किसानों का सम्मान – कृषि विज्ञान केंद्र

by | Dec 24, 2021 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

किसान दिवस पर किसानों का सम्मानकृषि विज्ञान केंद्र कटिया सीतापुर द्वारा आज पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाया गया। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आयोजित किसान सम्मान समारोह के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह यादव ने चौधरी चरण सिंह के कृषि एवं किसानों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि जमीदारी उन्मूलन तथा अन्य कृषि सुधारों का जो चौधरी चरण सिंह जी द्वारा निर्णय लिया गया आज सफल होता दिख रहा हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कृषि विज्ञान केंद्र कटिया के प्रभारी अध्यक्ष डॉ दयाशंकर श्रीवास्तव ने किसानों का आवाहन किया की कृषि, पशुपालन, बागवानी व संबद्ध क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को किसान सीख कर अपने अपने क्षेत्र में उसके विस्तार का कार्य करें। पशुपालन वैज्ञानिक डॉ आनंद सिंह ने पशुपालन के क्षेत्र नई तकनीकों पर विस्तार से किसानों से चर्चा करते हुए यूरिया मोलासेस ब्लॉक, चारे में एजोला का प्रयोग, बहुवर्षीय घास नेपियर आदि पर विस्तार से जानकारी दी। प्रसार वैज्ञानिक शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस अवसर पर केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। शस्य वैज्ञानिक डॉ शिशिर कान्त सिंह ने रबी फसलों पर जानकारी देते हुए खरपतवार प्रबंधन और सिंचाई की महत्ता पर प्रकाश डाला। मृदा वैज्ञानिक सचिन प्रताप तोमर ने मृदा की उर्वरता और उत्पादकता दोनों पर चर्चा करते हुए बताया कि बायो फर्टिलाइजर एवं जैविक खादों का प्रयोग कर मिट्टी की दशा एवं दिशा में सकारात्मक सुधार किया जा सकता है। प्रक्षेत्र प्रबंधक डॉ योगेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को खेती में लागत को कम करने के तकनीकों पर विस्तार से जानकारी देते हुए जीरो टिलेज, सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियां ड्रिप इरिगेशन ,स्प्रिंकलर सिंचाई पर चर्चा करते हुए बीज उत्पादन के बारे में भी किसानों को जागरूक किया ।आज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा कुल 10 किसानों को प्रमाण पत्र व अंगवस्त्रम् से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले किसान श्री अनिल कुमार मिश्रा को एजोला व वर्मी कंपोस्ट के लिए, विमला देवी को बकरी पालन के लिए, विश्वनाथ को दलहनी व तिलहनी फसलों के अधिक उत्पादन के लिए ,शफीउल्लाह को गन्ना उत्पादन के लिए, अनूप मौर्य को मधुमक्खी पालन के लिए, अचल वर्मा को मशरूम उत्पादन के लिए ,रमेश कुमार को पशुपालन के लिए, रमेश मिश्रा को जैविक खेती के लिए, वली मोहम्मद को वर्मी कंपोस्ट के लिए, अशोक कुमार गुप्ता को उद्यानिकी फसलों व जैविक खेती के लिए, रीना वर्मा को अनाज वाली फसलों के उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी कृषि डॉ जयप्रकाश, राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी राहुल सिंह, तकनीकी सहायक दीपेश कुमार सिंह, कौशल कुमार यादव ,राजेश कन्नौजिया, रोहित वर्मा, जितेंद्र सिंह, जिला महामंत्री भाजपा सीतापुर रमेश कुमार भार्गव, प्रगतिशील पशुपालक दुर्गेश शुक्ला, पूर्व प्रधान अजय कुमार बंगू सहित कुल 92 लोगों ने प्रतिभागिता की। किसान सम्मान समारोह का संचालन डॉ योगेन्द्र प्रताप सिंह ने किया तथा शैलेंद्र सिंह, प्रसार वैज्ञानिक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।