यूपी -विद्यालयों में मानदेय पर रखे जाएंगे शिक्षक, 12 से 15 हजार तक होगा मानदेय

by | Jul 21, 2021 | ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

प्रदेश कैबिनेट ने अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों एवं राजकीय संस्कृत विद्यालयों में मानदेय पर शिक्षकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ये नियुक्तियां शैक्षिक सत्र 2021-22 एवं 2022-23 (ग्रीष्मावकाश की अवधि को छोड़कर) अथवा नियमित चयनित शिक्षक के आने तक जो भी पहले हो, नितांत अस्थाई रूप से की जाएंगी। प्रबंधक की अध्यक्षता में होगी चयन समितिसंस्कृत विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने एवं पठन-पाठन की सुचारू व्यवस्था के लिए यह फैसला लिया गया है। मानदेय पर शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने के लिए जिले स्तर पर संबंधित संस्कृत अशासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें संबंधित जिले के जिलाधिकारी द्वारा नामित एक अधिकारी के अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक, मंडल के उप निरीक्षक संस्कृत पाठशालाएं तथा सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी द्वारा नामित दो विशेषज्ञ शामिल होंगे। मानदेय पर नियुक्ति के लिए चयन समिति में सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी द्वारा नामित विशेषज्ञों द्वारा परंपरागत विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संस्कृत भाषा में ही लिया जाएगा। चयन के लिए शैक्षिक पृष्ठभूमि से 120 अंक एवं साक्षात्कार से 80 अंक दिए जाएंगे। पूर्व मध्यमा स्तर के लिए शिक्षण कार्य पर 12 हजार रुपये प्रतिमाह तथा उत्तर मध्यमा स्तर के लिए शिक्षण कार्य पर 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इस चयन में राज्य सरकार की मौजूदा आरक्षण नीति के अनुरूप नियमानुसार आरक्षण का भी प्राविधान किया गया है