सरकार के लाख प्रयास के बाद भी गरीबों की योजनाओं में भ्रष्टाचार कम नहीं हो रहा है। टड़ियावां क्षेत्र के भड़ायल स्थित गैस गोदाम से उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दिए जाने वाले सिलेंडर में घटतौली की जा रही है।ग्रामीणों की शिकायत पर रविवार देरशाम सदर एसडीएम से शिकायत की। इस पर उन्होंने तत्काल सप्लाई इंस्पेक्टर समेत टीम गठित कर गोदाम पहुंच गए। गोदाम संचालक व अन्य कर्मचारी टीम देख भाग निकले। मौके पर भरे सिलेंडर का वजन कराया गया, जिसमें पांच किलो गैस कम निकली। इस पर गोदाम सीज कर दिया गया।सूत्रों के अनुसार घटतौली व निशुल्क सिलेंडर पर पैसे लेने का मामला महीनों से चल रहा थी। रविवार को गांव के जोगेंद्र, शिवांगी आदि ने सिलेंडर लेकर पास की दुकान पर तौल कराई तो उनके व अन्य ग्रामीणों के होश उड़ गए। सिलेंडर का कुल वजन 24-25 किलो का निकला जबकि भरे सिलेंडर का वजह 29.6 किलो होता है।ग्रामीण ने इसकी शिकायत प्रभारी सदर एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह से की। प्रभारी एसडीएम ने बताया कि शिकायत पर गोदाम में छापा मारकर जांच की गई। वहां वेट मशीन नहीं मिली। ग्रामीणों को मिले सिलेंडर में 5 किलो वजन कम निकला। उज्ज्वला योजना जो निशुल्क है, उसके लिए ग्रामीणों से पैसे लिए जा रहे थे। गैस गोदाम को सीज कर दिया गया। अभी छानबीन और होगी। कोर्ट के निर्देश पर समुचित कार्रवाई की जाएगी।
हरदोई -सिलेंडर में घटतौली, गोदाम सीज

