उत्तर प्रदेश में सीएम योगी के आदेश पर बने नए एकेडमिक कैलेंडर के तहत 31 दिसम्बर से 14 जनवरी तक सर्दी की छुट्टियों का ऐलान हो गया है। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कलों में पहली बार शीतकालीन अवकाश दिया जा रहा है। इसके पहले अत्यधिक सर्दी पड़ने पर जिलाधिकारी के आदेशों के तहत विभिन्न जिलों में स्कूलों में छुट्टी की जाती थी। एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार स्कूल अब 15 जनवरी को खुलेंगे। वैसे यूपी के अलावा दिल्ली में भी स्कूल बंद चल रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने कोरोना को देखते हुए स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया है। बता दें कि यूपी बोर्ड के नए एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार इस साल प्रदेश में कुल 113 दिन स्कूल बंद रहेंगे जबकि 237 दिन पढ़ाई होगी। बोर्ड परीक्षाएं 15 दिन के अंदर आयोजित कर ली जाएंगी। 21 मई से 30 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यूपी बोर्ड, परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर सकता है। डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कुछ समय पहले बताया था कि 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं यूपी विधानसभा चुनाव के बाद कराई जाएंगी। बच्चों को स्कूल बुलाने के लिए अभिभावक की इजाजत जरूरी वैसे कोरोना के बढ़ते मामलों और ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए यूपी सरकार ने स्कूलों को लेकर हाल में कई अन्य दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। इन दिशानिर्देशों के अनुसार स्कूल किसी भी छात्र को आने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए पहले अभिभावकों से सहमति लेनी होगी। शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसको लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा के आदेश पर गाइडलाइन जारी की गई है। यूपी के सभी बोर्डों के स्कूलों पर यह गाइडलाइन लागू होगी। परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों व डीआईओएस को इसे सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों को विकल्प के तौर पर ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था करानी होगी। यदि स्कूल में किसी को भी जुकाम, बुखार आदि के लक्षण दिखते हैं तो उसे चिकित्सीय सलाह के साथ उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कोई भी आयोजन तब ही किया जाए जब उसमें सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा सकता हो।प्रार्थना सभा में भी प्रोटोकॉल के पालन का आदेश यदि स्कूल में प्रार्थना सभा कराई जा रही है या किसी तरह की खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधि हो रही है तो ऐसे में कोविड प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन कराया जाए। शिक्षकों व कर्मचारियों का टीकाकरण भी अनिवार्य रूप से कराया जाए। स्कूलों को रोज सेनेटाइज करना होगा। प्रवेश करते समय शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं की थर्मल स्कैनिंग की जाए। हैंडवॉश और हाथों को सेनेटाइज कराने की व्यवस्था गेट पर ही की जाए। स्कूल की छुट्टी के समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। विद्यालय के अंदर भी कम से कम छह फीट की दूरी का पालन कराया जाए। स्कूली वाहनों को भी रोज सेनेटाइज कराया जाए। बसों आदि के अंदर भी शारीरिक दूरी तय की जाए।बारिश से लुढ़का पारा, गलन बढ़ीमंगलवार की रात से हो रही बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में पारा लुढ़क गया है। इस दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दो दिनों की बारिश की संभावना खत्म हो गई है। अब गुरुवार से बादल छाए रहेंगे। सुबह शाम कोहरा रहेगा। हल्की हवाएं चलेंगी। जिससे आने वाले दिनों में ठंड और गलन के साथ शीतलहर की वजह से ठिठुरन बढ़ेंगी।मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि लखनऊ में मंगलवार को 9.6 और बुधवार को 0.4 मिमी बारिश मिलाकर दो दिनों में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके पहले के सालों में भी दिसंबर में बारिश होती रही है। पूर्वी यूपी में कई जगहों पर और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश व गरज के साथ बौछारें पड़ीं है। बुधवार को प्रयागराज, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, झांसी, आगरा में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को दिन में लखनऊ का तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश -स्कूल हुए बंद, 14 जनवरी तक विंटर वेकेशन का ऐलान

