अयोध्या -व्यापारी से लूट का प्रयास, असफल होने पर मारी गोली

by | Jan 11, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अमानीगंज रोड पर मिर्जापुर गांव के निकट बाइक सवार बदमाशों ने घर जा रहे सराफा व्यापारी से लूट का प्रयास किया, असफल रहने पर उसके ऊपर तमंचे से गोली चला दी।गोली सराफा व्यापारी के पीठ को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। शोर मचने पर बदमाश फरार हो गए। एसएसपी शैलेश कुुमार पांडेय समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में लगी है। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी राजेंद्र प्रसाद सोनी की थाना खंडासा के अमानीगंज बाजार में बब्बू सराफा नाम की दुकान है।रविवार शाम करीब 5:30 बजे राजेंद्र दुकान बंद कर अपने पुत्र उत्तम उर्फ सोनू के साथ बाइक से घर जा रहे थे। कोतवाली रुदौली के मिर्जापुर गांव के निकट अमानीगंज मार्ग पर पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट के उद्देश्य से उनकी बाइक को ओवर टेक कर रोकने का प्रयास किया। उनकी मंशा भांपकर बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उसके ऊपर फायरिंग कर दी।गोली बेटे के साथ पीछे बाइक पर बैठे व्यापारी राजेंद्र सोनी के पीठ के पीछे छूकर निकल गई। व्यापारी का पुत्र बाइक की स्पीड बढ़ाकर आगे निकल आया और पुलिस को सूचना दी।सूचना पर पहुंचे कोतवाल शशिकांत यादव ने घायल व्यापारी को सीएचसी रुदौली भेजा। बदमाशों की तलाश में घेराबंदी की लेकिन बदमाश भागने में कामयाब रहे।जानकारी मिलने पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली। एसओजी प्रभारी रतन शर्मा ने सोमवार को घटना स्थल पहुंच कर तहकीकात शुरू की।एसएसपी ने बताया कि व्यापारी राजेंद्र सोनी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीम को लगाया गया है।