बाबरी मस्जिद के पूर्व पैरोकार इकबाल अंसारी ने सीएम योगी के अयोध्या से चुनाव लड़ने का स्वागत किया। इकबाल अंसारी ने कहा कि ये सौभाग्य की बात है कि योगी अयोध्या से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। मुस्लिम समाज योगी को वोट करने जा रहा है क्योंकि ये पहली सरकार है जिसमें कोई दंगा नहीं हुआ। मुसमानों को कोई तकलीफ नहीं हुई। इकबाल अंसारी ने दावा किया कि सीएम योगी अयोध्या में विकास को और बढ़ाएंगे। दरअसल, गुरुवार को हुई बैठक के दौरान पार्टी के भीतर योगी आदित्यनाथ को अयोध्या सीट से चुनाव लड़ाने को लेकर भी चर्चा हुई है लेकिन इसके बारे में अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) पर छोड़ दिया गया है। योगी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं। वह पांच बार गोरखपुर से सांसद रह चुके हैं। ज्ञात हो कि सीईसी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देती है।पार्टी सूत्रों के मुताबिक आदित्यनाथ को अयोध्या और मौर्य को सिराठु से विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा जा सकता है। दिनेश शर्मा को राजधानी लखनऊ की किसी सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल ने केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह के साथ देर रात तक सीटों के तालमेल को लेकर चर्चा की, वहीं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने अपने सांसद पुत्र प्रवीण निषाद के साथ अमित शाह से चर्चा की।
उत्तर प्रदेश -अयोध्या से चुनाव लड़ने पर समर्थन में आए बाबरी मस्जिद पक्षकार इकबाल अंसारी, बोले- मुसलमान भी देंगे वोट

