लखनऊ -हॉस्पिटल पर अधिक वसूली के आरोप, मुकदमा दर्ज

by | Jan 27, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमितों के इलाज में अनियमितता करने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई का सिलसिला अभी भी जारी है। इस्माइलगंज स्थित रिलैक्स हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसा हैरिटायर पीसीएस अधिकारी ने कोरोना संक्रमित बेटे के गलत इलाज व अधिक वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गाजीपुर थाने में बुधवार को मुकदमा दर्ज करा दिया।गोमतीनगर निवासी रिटायर पीसीएस शिवाकांत त्रिपाठी का बेटा अमित 13 अप्रैल 2020 को कोरोना संक्रमित हुआ था। 22 अप्रैल को परिवारीजनों ने संक्रमित को रिलैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। 24 अप्रैल तक संक्रमित का इलाज चला। इसके बाद परिवारीजन मरीज को दूसरे अस्पताल लेकर चले गए थे। परिवारीजनों का आरोप है कि रिलैक्स हॉस्पिटल में आईसीयू में रोज के हिसाब से 50 हजार रुपये वसूले। भर्ती के दौरान करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए थे। जिसका बिल तक नहीं दिया गया था। पिता शिवाकांत त्रिपाठी का आरोप है कि इलाज के दौरान कुछ एक्सपायर दवाएं भी मरीज को दी गईं थीं। आपत्ति जताने पर अस्पताल संचालक व स्टॉफ धमकाने लगे। परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। जिलाधिकारी ने शिकायत के बाद जांच के आदेश दिए। जांच टीम ने रिपोर्ट सौंप दी। करीब नौ माह बाद भी अस्पताल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित पिता ने फिर से जिला प्रशासन के अफसरों से फरियाद की। इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया।जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य विभाग से कार्रवाई के लिए कहा। नर्सिंग होम के नोडल ऑफिसर ने निर्देश मिलने के बाद हॉस्पिटल पर शिकंजा कस दिया। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने गाजीपुर थाने में अस्पताल के खिलाफ गंभीर धाराओ में मुकदमा दर्ज कराया है। डॉ. एपी सिंह ने कहा कि मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोविड महामारी अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में गाजीपुर मुकदमा दर्ज कराया गया है।