जानकीपुरम में गुरुवार दोपहर चौकीदार बुद्धालाल (65) की ईंट से सिर कूच कर हत्या कर दी गई। उसका शव पुलिस चौकी के सामने पड़ा मिला। वहीं, पीजीआई में बुधवार देर रात टक्कर लगने से नाराज कार सवार ने ट्रक ड्राइवर मो. अख्तर (50) की पीट-पीट कर हत्या कर दी। दोनों ही वारदातों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।सीतापुर कमलापुर निवासी बुद्धालाल टिम्बर स्टोर में चौकीदार था। स्टोर मालिक मृदुल पाण्डेय के मुताबिक गुरुवार सुबह उन्होंने चौकीदार को कई बार फोन लगाया था, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की थी। दोपहर में मृदुल स्टोर पर पहुंचे थे। वहां उन्हें चौकीदार का शव कमरे में पड़ा मिला। उनके मुताबिक बुद्धा के साथ सरोज कश्यप निवासी नैमिषारण्य भी रहता था। मृदुल के अनुसार बुधवार रात दोनों लोगों ने साथ बैठ कर शराब पी थी। अंदेशा है कि नशे में होने पर बुद्धा और सरोज के बीच में मारपीट हुई थी। इस दौरान ही सरोज ने ईंट से सिर कूच कर चौकीदार की हत्या कर दी। इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह गौड के मुताबिक मृदुल पाण्डेय की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी सरोज को गिरफ्तार करते हुए खून से सनी ईंट पुलिस ने बरामद की है।कार में टक्कर लगने पर ड्राइवर की हत्यामैनपुरी निवासी मो.अख्तर ट्रक ड्राइवर थे। वह ट्रक में सरसों लाद कर मुरैना से बिहार जा रहे थे। बुधवार रात शहीद पथ होते हुए वह उतरेठिया पुल के पास पहुंचे थे। जहां ट्रक से आगे चल रही कार में टक्कर लग गई थी। इस पर कार सवार मोहनलालगंज हरिकंशगढ़ी निवासी रवि सिंह ने ट्रक से ड्राइवर को नीचे घसीट कर उसे पीटना शुरू कर दिया था। बीच सड़क पर बुरी तरह से पीटे जाने से अख्तर को गम्भीर चोट लगी थी। राहगीरों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। इंस्पेक्टर के मुताबिक मो. अख्तर को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, अख्तर के सहयोगी अनिल कुमार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए रवि सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ -चौबीस घंटे के अंदर शहर में हुईं दो हत्याएं

