योगी सरकार का 25 मार्च को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह एतिहासिक होगा। पार्टी ने पूरे प्रदेश को भाजपामय करने की तैयारी कर ली है। सिर्फ इकाना स्टेडियम ही नहीं लखनऊ को भी दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। प्रदेश के हर चौक-चौराहे पर बैनर-होर्डिंग होंगे और मंदिरों में घंटे-घड़ियाल की गूंज सुनाई देगी। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों संग बैठक की।योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर, डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय सहित यूपी कोटे के केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री सहित तमाम अन्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी इन ऐतिहासिक क्षणों के गवाह बनेंगे। इनके अलावा कई साधु-संतों को भी बुलाया गया है।भाजपा के राज्य मुख्यालय में हुई बैठक में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला द्वारा भेजे गए पत्र से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। 25 मार्च की सुबह प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों के तहत आने वाले मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ ही घंटे-घड़ियाल की गूंज सुनाई देगी। सभी जगह विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।कार्यकर्ताओं को लाने ले जाने का जिम्मा सांसद-विधायकों कोप्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र, संगठनात्मक मंडलों और शक्ति केंद्रों से पदाधिकारियों को लाने ले जाने का जिम्मा सांसद-विधायकों को सौंपा गया है। इसके अलावा लोग निजी वाहनों से भी आएंगे। लखनऊ आने वाले सभी वाहनों पर पार्टी के झंडे लगे होंगे। समारोह स्थल पर पार्टीजनों के प्रवेश के लिए एंट्री पास की भी व्यवस्था की गई है। बता दें कि प्रदेशभर से 25 मार्च को एक लाख से अधिक लोगों के लखनऊ आने की संभावना है। बैठक में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, जेपीएस राठौर, अश्वनी त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित सहित अन्य मौजूद रहे।
लखनऊ -मंदिरों में होगी विशेष पूजा-अर्चना; गूंजेंगे घंटे-घड़ियाल , शपथ ग्रहण समारोह बनेगा ऐतिहासिक

