लखनऊ -इस दौरान हुई घटनाओं पर गंभीरता से करें कार्रवाई

by | Mar 24, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने होली और चुनाव के दौरान हुई घटनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अवस्थी ने मंगलवार को डीजीपी मुकुल गोयल के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आने वाले त्योहारों, अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर सभी रेंज, जोन और पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के साथ बात कर रहे थे।अवस्थी ने अधिकारियों से कहा है कि हाल के दिनों में हुई प्रमुख आपराधिक घटनाएं जिनका खुलासा नहीं हुआ है उनका जल्द से जल्द खुलासा किया जाए। गंभीर अपराधों की समीक्षा कर संबंधित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। माफिया को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।आने वाले दिनों में जो भी त्योहार हैं मसलन नवरात्रि, रमजान, गुड फ्राइडे, ईस्टर और चैटीचंद जयंती को देखते हुए शांति समिति की बैठक कर ली जाए। संवेदनशील स्थानों पर बेहतर पुलिस प्रबंध किए जाएं। मोबाइल पेट्रोलिंग के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाए। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर नजर रखी जाए और अफवाहों का तत्काल खंडन किया जाए। यूपी 112 की गाड़ियों को संवेदनशील स्थानों और मार्गों पर लगाया जाए।दोनों ही अधिकारियों ने यूपी बोर्ड की परीक्षाओं को देखते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में निर्वाचन आयोग और मुख्यालय स्तर पर दिए गए निर्देशों का पालन किया जाए और प्रभावी पुलिस प्रबंध किए जाएं।