उत्तर प्रदेश -22 मंत्रियों के दामन पर दाग, 39 करोड़पति

by | Mar 28, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

शुक्रवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों में 22 के दामन पर दाग हैं जबकि 39 मंत्री करोड़पति हैं। शनिवार को एडीआर-इलेक्शन वॉच ने 53 में से 45 मंत्रियों के हलफनामे का विश्लेषण किया है। 8 मंत्रियों की संपत्ति या आपराधिक इतिहास का विश्लेषण नहीं हो पाया। इसमें 6 ऐसे हैं जो किसी सदन के सदस्य नहीं है जबकि जितिन प्रसाद और संजय निषाद का हलफनामा एडीआर को उपलब्ध नहीं हो सका।एडीआर के संयोजक संजय सिंह ने बताया कि विश्लेषित 45 मंत्रियों में से 22 ऐसे हैं जिनके खिलाफ किसी न किसी थाने में मुकदमा दर्ज है। इसमें 20 ऐसे हैं जिनपर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गंभीर धाराएं यानी जिन मामलों में पांच साल या उससे अधिक की सजा है।करोड़पति मंत्रियों की बात करें तो 45 में से 39 मंत्री ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ रुपये या उससे अधिक है। कुल मंत्रियों की औसत संपत्ति 9 करोड़ रुपये है। सबसे धनी मंत्रियों में तिलोई विधानसभा से जीत कर आए मयंकेश्वर सिंह हैं। मयंकेश्वर की कुल संपत्ति 58.07 करोड़ रुपये है। कानपुर देहात से मंत्री बने राकेश सचान और प्रयागराज से मंत्री बने नंद गोपाल नंदी की कुल संपत्ति 37 करोड़ रुपये से अधिक है। सबसे कम समत्ति विधान परिषद के सदस्य धर्मवीर सिंह की है उन्होंने अपनी संपत्ति 42.91 लाख रुपये के बराबर घोषित की है।शैक्षिक योग्यता की बात करें तो 9 मंत्री ऐसे हैं जिनकी शैक्षिक योग्यता 8वीं से 12वीं है। जबकि 36 मंत्रियों ने खुद को स्नातक या उससे अधिक पढ़ा लिखा होना बताया है। 20 मंत्री ऐसे हैं जिनकी उम्र 30 साल से 50 साल के बीच की है। 25 मंत्रियों की उम्र 51 साल से 70 साल के बीच की है। पांच महिलाओं को भी मंत्री बनाया गया है।