अतरौली थाना पुलिस ने एक शराब माफिया व उसकी पत्नी की डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली है। इसमें मकान, जमीन व बाइक शामिल है। आरोप है कि यह संपत्ति शराब के अवैध कारोबार के जरिए अर्जित की गई है। हरदोई सीमा से जुड़े जनपदों तक में उसका काला कारोबार फैला था।एसपी ने बताया कि ग्राम बहुती कला निवासी शराब माफिया समद मिश्रा ने नकली शराब का कारोबार करके अपने और पत्नी सीमा मिश्रा के नाम डेढ़ करोड़ से ज्यादा की अवैध संपत्ति अर्जित कर ली थी। कासिमपुर थाने में उसके गैंगेस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इसकी विवेचना अतरौली इस्पेक्टर बृजेश मिश्रा कर रहे हैं। उसने नकली शराब की खरीद बिक्री और बनाने का कारोबार करके सण्डीला में आवासीय मकान, बहुती में कृषि योग्य भूमि अवैध संपत्ति कमाई।इसकी कीमत एक करोड़ 66 लाख 55 हजार 370 रुपये है। इसे बुधवार को कुर्क कर लिया गया है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स लेकर सण्डीला के महतवाना मोहल्ला पहुंचे इस्पेक्टर बृजेश मिश्रा ने समद मिश्रा और उसकी पत्नी सीमा के नाम अर्जित मकानों पर कुर्क कर लेने की नोटिस चस्पा की। बहुती कला मे स्थित पत्नी के नाम कृषि योग्य भूखण्डों व एक बाइक भी कुर्क की है।इस मामले में एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शराब माफिया समद मिश्रा 1997 से अवैध शराब करोबार कर रहा है। उन्नाव, लखनऊ व हरदोई में कारोबार फैला रखा है। मौजूदा समय में वह जमानत पर चल रहा है।
हरदोई -माफिया व उसकी पत्नी की डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क

