सीतापुर -170 केंद्रों पर शुरू होगी गेहूं की खरीद

by | Apr 1, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

सीतापुर। जिले में शुक्रवार से गेहूं खरीद प्रारंभ हो रही है। अब तक 450 किसानों द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है। गेहूं खरीद को लेकर विभागीय अधिकारियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी तहसीलों में 170 केन्द्र बनाए गए हैं जहां पर किसान अपना गेहूं बेच सकते हैं। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।अगर बात की जाए गत वर्ष में गेहूं की पैदावार की तो जिले में करीब सात लाख 64 हजार 449 मीट्रिक टन हुई थी। वहीं इस वर्ष गेहूं की पैदावार में इजाफा होने की संभावना है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अरविंद दुबे ने बताया कि इस वर्ष सात लाख 98 हजार 20 मीट्रिक टन पैदावार होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल से लेकर 15 जून तक गेहूं खरीद की अवधि निर्धारित की गई है। केंद्र खुलने का समय सुबह नौ से शाम छह बजे तक रहेगा। रविवार और राजपत्रित अवकाश छोड़कर प्रत्येक दिवस केंद्र खुलेंगे। खरीद केन्द्र पर दो इलेक्ट्रानिक कांटा, एक नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन, पावर डस्टर, डबल जाली छलना अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे। प्रत्येक केन्द्र पर बैनर का प्रदर्शन ऐसे स्थान पर किया जाएगा जहां पर किसानों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो। बैनर में सम्पूर्ण विवरण स्पष्ट और बड़े-बड़े अक्षरों में अंकित होंगे। बैनर पर टोल फ्री नंबर 18001800150 बड़े-बड़े अक्षरों में अंकित रहेगा। गेहंू खरीद इलेक्ट्रानिक प्वाइंट आफ परचेज (ई-पॉप) मशीन के माध्यम से किसानों से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण द्वारा की जाएगी।प्रत्येक विवरण ई-उपार्जन माड्यूल पर फीड करना होगा:जिला पंचायत के नेहरू सभागार में गुरुवार को जिे के सभी क्रय एजेन्सियों के जिला प्रबन्धक व केन्द्र प्रभारियों की कार्यशाला अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। एडीएम ने निर्देश दिये कि गेहूं खरीद का प्रत्येक विवरण ई-उपार्जन माड्यूल पर फीड करना होगा। केवल उसी खरीद को मान्यता दी जाएगी जो ऑनलाइन फीड होगी। खरीद ऑनलाइन फीडिंग (रियल टाइम) की जाएगी। गेहूं खरीद शत-प्रतिशत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। कृषक की गेहूं खरीद ऑललाइन टोकन व्यवस्था द्वारा निधारित तिथि पर ही की जाएगी। मण्डियों में नीलामी का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। यदि बोली समर्थन मूल्य से कम पर आती है तो अनिवार्य रूप से उस किसान का गेहूं क्रय केन्द्र पर क्रय किया जाएगा।नीलामी का शार्ट वीडियो प्रेषित करेंगे:एडीएम ने कहा कि प्रत्येक दिवस में नीलामी प्रक्रिया की शार्ट वीडियो क्लिप बनाकर जनपद के व्हाट्सएप ग्रुप पर सम्बन्धित मण्डी सचिव प्रेषित करेंगे। साथ ही मण्डी में गेहं की आवक का सम्पूर्ण विवरण दैनिक रूप से रजिस्टर में अंकित करेगें। गेहं क्रय केन्द्रों पर कृषकों की सुख-सुविधा की सम्पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मण्डी यार्डों में यह व्यवस्था अनिवार्य रूप से मण्डी समिति द्वारा की जाएगी। कृषकों के बैठने के लिए तख्त, कुर्सियां, पीने के लिए स्वच्छ पानी, वर्षा से सुरक्षा के लिए तिरपाल, क्रेट्स इत्यादि व्यवस्था केन्द्र पर अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।गुणवत्ता संबंधी विवाद निपटाएगी गठित टीम:गेहूं की गुणवत्ता सम्बन्धी विवाद के निस्तारण के लिए क्षेत्रीय विपणन अधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम निर्णय लेगी। केन्द्र प्रभारी क्रय केन्द्रों पर हैण्डलिंग ठेकेदार अथवा उसके अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा उपलब्ध कराये गये मजदूरों/पल्लेदारों की उपस्थिति की सूचना उपस्थिति पंजिका में अकिंत कराई जाएगी एवं प्रत्येक विवरण दर्ज किया जायेगा। केन्द्र प्रभारी द्वारा कृषक के पंजीकरण प्रपत्र, आधार की छायाप्रति खसरा-खतौनी इत्यादि अभिलेख कृषक द्वारा प्रमाणित कराकर अपने पास सुरक्षित रखे जायेगे।सभी केन्द्रों पर बनाई जाएगी हेल्पडेस्क:प्रत्येक गेहूं खरीद केन्द्र पर हेल्पडेस्क बनाई जासगी। कृषक पंजीयन में कोई असुविधा होने पर हेल्प डेस्क द्वारा ही उसका निदान किया जाएगा। कृषकों से क्रय किये गये गेहूं का भुगतान पीएफएमएस प्रणाली द्वारा किया जायेगा। कृषकों से क्रय किये गये गेहूं की डिलीवरी अधिकतम अगले दिवस तक सम्बन्धित भारतीय खाद्य निगम डिपों में अनिवार्य रूप से की जायेगी।