लखनऊ -फर्जी दस्तावेज बना जमीन बेचने वाली महिला गिरफ्तार

by | Apr 5, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

काकोरी। काकोरी में मृत महिला के फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने वाली आरोपित महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जमीन के हेरफेर में शामिल आधा दर्जन अन्य आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर काकोरी जितेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक काकोरी के प्यारेपुर गोकुल खेड़ा निवासी हीरालाल की शिवरी गांव में पुश्तैनी जमीन थी। जमीन उनकी मां राममदेई के नाम थी। 2017 में मां का देहांत हो गया था। कुछ समय पहले हीरालाल ने तहसील में दाखिल खारिज के लिए आवेदन किया तो पता चला कि जमीन तो मां के नाम है ही नहीं। कागज चेक कराया तो बैनामे में फोटो मां रामदेई के बजाए दूसरी महिला की थी। पता चला कि अब्बास, मुशीर, रईस समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने रमदेई उर्फ रामदेई की जगह किसी हेमा चौरसिया को खड़ा कराकर चार बीघा जमीन बेच दी। जमीन का बैनाम भी मां की मौत के बाद हुआ था। 16 फरवरी को हेमा चौरसिया समेत आधा दर्जन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। सोमवार दुबग्गा चौराहे के पास से हुसैनगंज के सुन्दर बाग निवासी आरोपित हेमा चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।