एमबीए छात्रा को ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को बहराइच पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया था। जिसे पुलिस टीम बहराइच ले जा रही थी, लेकिन आरोपी ने रास्ते में जीप से छलांग लगा दी। यह दावा आरोपी को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बहराइच पुलिस ने किया है।इंस्पेक्टर अमीनाबाद बृजेश द्विवेदी के अनुसार मौलवीगंज निवासी मो. तालीम के खिलाफ बहराइच के दरगाह शरीफ थाने में ब्लैकमेलिंग, आईटी एक्ट और धमकी देने की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की जांच कर रही बहराइच पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपी तालीम को बुधवार को उसके घर से गिरफ्तार किया था। जिसे लेकर टीम बहराइच जा रही थी। जानकारी के मुताबिक बाराबंकी के पास पहुंचने पर तालीम चलती गाड़ी से कूद गया था। जिसमें उसे गम्भीर चोट लगी थी। इंस्पेक्टर दरगाह शरीफ मनोज सिंह के अनुसार तालीम को इलाज के लिए पहले बाराबंकी के अस्पताल ले जाया गया था। जहां उसे हालत गम्भीर होने पर लखनऊ ले जाने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि तालीम के खिलाफ युवती के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि एमबीए की पढ़ाई कर रही छात्रा की फोटो तालीम ने एडिट की थी। जिन्हें वॉयरल करने की धमकी देकर वह युवती और उसके पिता से रुपये मांग रहा था। छात्रा को परेशान करने के आरोप में तालीम पहले भी जेल गया था। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने दोबारा से युवती और उसके पिता को धमकाया था। जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ -जीप से आरोपी ने लगाई छलांग, घायल

