सिधौली। कस्बे के मनीष अस्पताल में बुधवार देर शाम इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। किशोरी के पिता ने कंपाउंडर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप है और परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। तोड़फोड़ की भी कोशिश हुई है। पीड़ित की तहरीर पर डॉ. कमल कुमार जैन, उनके पुत्र डॉ. मनीष जैन व अज्ञात कम्पाउंडर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।रामपुरकलां थानाक्षेत्र के ग्राम चौड़िया कोठार निवासी सुभाष मौर्य ने पुलिस को बताया है कि वह पुत्री मीनाक्षी (13) की अचानक तबियत बिगड़ने पर बुधवार शाम छह बजे इलाज के लिए मनीष अस्पताल लेकर आया था। जहां पर पुत्री को डॉक्टर के कहने पर उनके कंपाउंडर द्वारा कई इंजेक्शन लगाए गए जिससे उसकी हालत अत्यधिक गंभीर हो गई। कुछ देर बाद पुत्री ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुत्री की मौत हो जाने के बाद डॉक्टर व कंपाउंडर अस्पताल से चले गए। सुभाष मौर्य का कहना है कि कुछ देर बाद डॉक्टर के पिता जो पेशे से डॉक्टर हैं आए और कहा कि इसका इलाज मैं कर रहा था तथा उन्होंने मृत पुत्री को रेफर कर दिया। पीड़ित का कहना है कि लापरवाही की वजह से उसकी पुत्री की मौत हो गई है। अस्पताल की महिला डॉक्टर ऋतु जैन ने बताया कि ये आरोप बेबुनियाद है। ऐसा कुछ भी नहीं था। मरीज की हालत पहले से ही काफी खराब थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अराजकता तोड़फोड़ की गई जो कानूनन जुर्म है।रास्ता जाम करने का प्रयास : पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव को लेकर सिधौली पहुंचे। यहां बिसवां चौराहे पर टेम्पो रास्ते के बीचोंबीच खड़ाकर आवागमन बाधित करने का प्रयास किया, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिवारीजनों को आरोपी डॉक्टरों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शान्त किया।
सीतापुर -अस्पताल में किशोरी की मौत, दो डॉक्टरों समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज

