यूपी कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन बुधवार 27 अप्रैल को होगा। प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ. बनारसी मिश्र ने बताया कि नामांकन के लिए फीस की रसीद और आईकार्ड लाना होगा। प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक और अनुमोदक को ही मुख्य द्वार से प्रवेश मिलेगा।छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के लिए परिसर में जुलूस और नारेबाजी प्रतिबंधित है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग नहीं होगा। नामांकन के दौरान परिसर में मोबाइल का इस्तेमाल पर रोक रहेगी। छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री और संकाय प्रतिनिधि के लिए नामांकन सुबह 11 से तीन बजे तक होगा। प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ. बनारसी मिश्र ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष के लिए तीन, महामंत्री के लिए चार, पुस्तकालय मंत्री के लिए तीन प्रत्याशियों ने मंगलवार को नामांकन पत्र लिया। वहीं संकाय प्रतिनिधियों के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। परिसर में मंगलवार को नामांकन को लेकर पुलिस प्रशासन और कालेज प्रशासन की बैठक हुई। बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। बैठक में प्राचार्य डॉ. धर्मेन्द्र कुमार सिंह, प्रधान चुनाव अधिकारी डॉ. बनारसी मिश्र, एडीसीपी (वरुणा) प्रबल प्रताप सिंह, एनके मिश्रा, थानाध्यक्ष शिवपुर आदि थे।
वाराणसी -छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन 27 अप्रैल को

