संवाददाता लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार के रिटायर कर्मचारी पेंशनभोगी नहीं हैं बल्कि उन्हें पेंशन योगी के रूप में सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने श्रमिकों को बधाई देते हुए पेंशन पोर्टल https://epension.up.nic.in का उद्घाटन किया और 1220 पेंशनरों के खाते में सीधे पेंशन ट्रांस्फर की। उन्होंने कहा कि पेंशन पोर्टल प्रदेश के साढ़े 11 लाख से अधिक पेंशनरों को ईज ऑफ लिविंग की बड़ी सौगात दी।मुख्यमंत्री रविवार को लखऩऊ में लोकभवन स्थित सभागार में पेंशनरों के लिए बनाई गई ऑनलाइन सेवा पोर्टल का शुभारंभ कर रहे थे। इस पोर्टल के शुभारंभ होते ही यूपी ई-पेंशन पोर्टल की सुविधा देने वाला देश का पहला राज्य बन गया। पेंशन पोर्टल का आरंभ असल में ईज़ आफ लीविंग का हिस्सा है।मुख्यमंत्री ने पेंशनरों और सुरेश खन्ना से ली चुटकीमुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि मुझे लगता है आप लोगों में से बहुत से लोग ऐसे रहे होंगे जिन्होंने अपने पूर्व के लोगों को परेशान किया होगा। ऐसा होता ही है लेकिन अब यह नहीं हो पाएगा। मुख्यमंत्री ने सुरेश खन्ना से चुटकी लेते हुए कहा कि मैंने खन्ना जी से पूछा कि आपके तो रिटायरमेंट का वक्त आ रहा होगा, तो उन्होंने कहा कि मेरा तो रिटारमेंट 75 वर्ष है।मुख्यमंत्री ने पेंशनरों को संबोधित करते हुए कहा कि आपने जो योगदान दिया है उस योगदान के प्रति शासन और आपके स्वयं के कंट्रीब्यूशन का प्रतिफल आपको प्राप्त हो रहा है। अच्छी सोच हमें आगे बढ़ाती है। अच्छी सोच के साथ सरकार ने आपके लिए ई-पोर्टल व्यवस्था को शुरू की है। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि मृतक आश्रितों के लिए भी इस तरह का पोर्टल बनाने की जरूरत है। व्यक्ति के जीवन का सरलीकरण करने में सरकार प्रतिबद्ध है। मृतक कर्मी को उसका देय देने के साथ उसके परिवारीजनों को नौकरी देने की व्यवस्था को आगे बढ़ाने का काम करें। ई-आफिस के साथ जोड़ते हुए हर विभाग को योजनाओं को जनता के बीच ले जाना चाहिए। योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति देख सके। उसका स्मार्ट फोन उसको दिखा देगा कि योजनाओं में क्या हो रहा है। कैसे उसका लाभ लिया जा सकता है।जल्द पुलिस व अन्य विभाग भी इस व्यवस्था से जुड़ेंगेसीएम ने कहा कि आने वाले समय में किसी भी रिटायर होने वाले कर्मचारी को कहीं भी परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। छह महीने पहले रजिस्ट्रेशन करना है। पेंशन के पेपर तीन महीने पहले आपके पास आ जाएंगे। अभी तो यह उत्तर प्रदेश शासन के कर्मचारियों के लिए व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस और अन्य विभाग इस प्रक्रिया से जुड़ेंगे। योजना की अच्छी बात कांटेक्ट लैस है। सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, पेपरलैस है, कैशलेस है और प्रक्रिया छह महीने पहले से ही पूरी हो जाएगी। सीनियर सिटीजन्स समाज के लिए योगदान देंसीएम ने कहा कि आपका यह समय पूरी तरह से वानप्रस्थ का होगा। अपने परिवारिक दायित्व का निर्वाहन करते हुए भी हम समाज के लिए भी कुछ योगदान दे सकें। कोई शिक्षा, स्वास्थ्य, गांव में गरीब कल्याण, शासन की योजना का लाभ उपलब्ध कराने में अपना योगदान कर सकते हैं। जल संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन की योजना से जुड़ सकते हैं। जीवन को समाज के लिए समर्पित करते हुए जब व्यक्ति जीएगा तो वही व्यक्ति जीवन में सफलता के रहस्यों को प्राप्त करते हुए मोक्ष की प्राप्ति भी करेगा। अच्छी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा योगी ने कहा कि हमें हमेशा अच्छी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। सकारात्मकता नई ऊर्जा से ओतप्रोत करता है। जीवन में खुशहाली लाता है। व्यक्ति को उन्नति की ओर लेकर जाता है। नकारात्मक व्यक्ति किसी की भलाई नहीं कर सकता है। अपने जीवन के अनुभव का समाज के लिए कुछ रचनात्मक करने में भी कर सकते हैं। लम्बा अनुभव ही वास्तव में व्यवहारिक ज्ञान है। लोगों की चुनौतियों का समाधान आप दे पाएंगे।
यूपी के साढ़े 11 लाख पेंशनरों को सीएम योगी की बड़ी सौगात, जानें क्या मिलेगा फायदा

