लखनऊ संवाददाता : बीबीडी कोतवाली क्षेत्र में आनन्दी वॉटर पार्क के पास नगर निगम के कर्मचारी राजकरन यादव उर्फ गंगू को रविवार रात कार सवार युवकों ने गोली मार दी। हमलावरों ने पांच राउण्ड फायरिंग की थी। अफरातफरी के बीच पुलिस ने घायल को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। राजकरन का छोटा भाई राजकुमार यादव हासेमऊ गांव के प्रधान हैं। परिवारीजनों ने पुरानी रंजिश में हुई हत्या का बदला लेने को वजह बताया है। इसमें चार लोगों को नामजद कराया गया है। ये लोग अपने घरों से फरार है। डॉक्टरों ने घायल की हालत खतरे से बाहर बतायी है।हासेमऊ के प्रधान राजकुमार उर्फ बऊवा ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई राजकरन रात साढ़े आठ बजे शादी समारोह में जा रहे थे। किसान पथ पर आनंदी वाटर पार्क के पास वह पहुंचे थे तभी कार सवार चार युवकों ने उनकी कार रुकवायी। कुछ समझने से पहले ही इन युवकों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। राजकरन ने खुद ही कन्ट्रोल रूम में सूचना दी। कुछ देर में ही बीबीडी थाना प्रभारी अतुल सिंह वहां पहुंच गये। राजकरन को अस्पताल ले गया। पुलिस ने मौके पर फोरेसिंक विशेषज्ञों को भी बुला लिया। एडीसीपी कासिम आब्दी ने बताया कि पुरानी रंजिश ही वजह सामने आ रही है। घायल राजकरन ने रंजीत यादव, अजीत यादव उर्फ अजीपा, शक्तिमान यादव व एक अन्य पर हमला करने का आरोप लगाया है।चार साल पहले आरोपितों की मां की हत्या हुई थीएडीसीपी ने बताया कि वर्ष 2018 में राजकरन पर हमला करने वाले रंजीत यादव की मां कमलादेवी की हत्या कर दी गई थी। इसमें प्रधान राजकुमार उर्फ बऊवा व राजकरन समेत छह लोग गिरफ्तार किये गये थे। ये सभी एक ही परिवार के थे। राजकुमार को छह महीने पहले ही जमानत मिली है। कुछ दिन पहले ही राजकरन भी जमानत पर बाहर आया है। इस हत्याकाण्ड में राजकरन के पिता का भी नाम सामने आया था। माना जा रहा है कि हत्या का बदला लेने के लिये ही यह वारदात की गई है। इसके अलावा भी पुलिस कई बिन्दुओं पर पड़ताल कर रही है।
लखनऊ -कार सवार हमलावरों ने पांच राउण्ड की फायरिंग

