हरदोई। विकास भवन में बेसिक स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए हुई मीटिंग के बाद प्राथमिक शिक्षक संघ के दो गुटों के पदाधिकारी भिड़ गए। दोनों तरफ से एक-दूसरे को फर्जी संगठन का पदाधिकारी बताते हुए गंभीर आरोप लगाए गए। विकास भवन परिसर में ही शिक्षक नेताओं के बीच जूतमपैजार से भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।लोनार थाने के गांव शिवराजपुर निवासी शिक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने लिखाई रिपोर्ट में कहा कि शिवशंकर पांडेय व उनके बेटे अक्षत पांडेय निवासी कैनाल रोड ने गालीगलौज की। मना करने पर लात, घूसों व थप्पड़ों से पीटा। अक्षत ने लाइसेंसी रिवाल्वरकी बट से उनके माथे पर जोर से वार किया। इससे उनके सिर में चोट आई। फिर पिता, पुत्र ने अपने लाइसेंसी असलहा दिखाते हुए दुबारा दिखाई पड़ने पर जान से मार डालने की धमकी दी। शिव शंकर पांडेय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हैं।शिवशंकर पांडेय ने कोतवाली सिटी के मोहल्ला लखनऊ रोड इंद्रप्रस्थ कालोनी निवासी आलोक मिश्रा, पचदेवरा थाने के बिलसर हसेन निवासी महेंद्र प्रताप सिंह व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई है। इसमें कहा है कि वह शाम साढ़े चार बजे मीटिंग में गए थे। मीटिंग के बाद जैसे ही बाहर निकले तो उक्त लोगों ने घेर लिया। आलोक मिश्रा ने कनपटी पर रिवाल्वर लगा दी। बचाने की कोशिश करने पर उक्त लोगों ने उनके साथी सत्यपाल वर्मा निवासी बगहा कोतवाली सिटी, अक्षत के साथ गालीगलौज करते हुए जान से मार डालने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया, तब वे हवा में लाइसेंसी रिवाल्वर लहराते हुए भाग गए। आलोक मिश्रा प्राथमिक शिक्षक संघ के दूसरे गुट के अध्यक्ष हैं। कोतवाल ब्रजेश मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हरदोई – विकास भवन में गुरुजनों में जूतमपैजार, रिपोर्ट दर्ज

