लखनऊ -कई इलाकों में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान

by | May 11, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

एलडीए ने मंगलवार को चारबाग, अमीनाबाद, कैसरबाग सहित कई इलाकों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। चारबाग में महापौर संयुक्ता भाटिया तथा नगर आयुक्त अजय द्विवेदी खुद पहुंचे। महापौर ने टेम्पो टैक्सी स्टैण्ड तथा वेंडिंग जोन को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।जोन-एक के जोनल अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में अमीनाबाद, नजीराबाद, कैसरबाग चौराहा तथा बस अड्डे तक अतिक्रमण हटाया गया। बलरामपुर अस्पताल, डॉक्टर्स कैम्पस से रेजीडेन्सी तक भी अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा गया। ठेले, गुमटी, नालियों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण, अनाधिकृत रूप से खड़े वाहन एवं सवारी गाड़ियो को हटाया गया। चारबाग क्षेत्र में अभियान चलाते हुए पटरी दुकानदारो को व्यवस्थित किया गया। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को हटाया गया। अन्य दुकानदारों को वेंडिंग जोन भेजा गया। जोन तीन के अधिकारियों ने रिंग रोड के आसपास 100 मीटर की परिधि में अतिक्रमण हटाया। रिंग रोड से सहारा स्टेट गेट तक सड़क की दोनो पटरियों से कुल 45 अस्थायी अतिक्रमण हटाये गये। एक ट्रक सामान जब्त किया गया। गंदगी करने वालों से 8000 जुर्माना वसूला गया। विभवखंड-3 गोमतीनगर में 25 अस्थाई झुग्गी झोपड़ी हटवायी गयी।हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहा तक एवं मिठाई वाला चौराहा से कै. मनोज पांडेय चौराहे के आसपास से भी कब्जेदारों को खदेड़ा गया। के.के.सी. चारबाग से होते हुए नत्था तिराहे तक जोन पांच के अधिकारियों ने अभियान चलाया। ठाकुरगंज दूधमंडी चौराहे से बालागंज तक अतिक्रमण विरोधी एवं विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में 56 अस्थायी अतिक्रमण व निष्प्रयोज्य वाहनों को हटाया गया। 52 हजार जुर्माना भी वसूला गया। कुकरैल बन्धे से होते हुए पॉलीटेक्निक चौराहे तक चली कार्रवाई में 155 अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। 6620 रुपए जुर्माना वसूला गया। जोन-8 में संगीता कुमारी के नेतृत्व में बाराबिरवा चौराहे से सरोजनीनगर तहसील तक बायीं पटरी व तेलीबाग से उतरठिया तक अभियान चलाया गया। 63 लोगों का चालान किया गया। यहां 24,100 रुपए जुर्माना वसूला गया। कानपुर रोड पर चलाये गये एक अन्य अभियान में एयरपोर्ट तिराहे से चिल्लावां बाजार, ट्रांसपोर्ट नगर तक बायीं पटरी पर अवैध अतिक्रमण हटाये गये। अभियान में काउंटर, ठेले, टट्टर, बांस बल्ली सहित एक ट्रक सामान भी जब्त किया गया। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में भी अभियान चला।