शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए सभी सरकारी विभागों को योगदान देना होगा। जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति और जिला गंगा समिति की बुधवार को हुई बैठक में डीएम ने यह निर्देश दिया है। प्रत्येक विभाग 15 से 20 स्कूलों को गोद लेगा। इसके बाद प्रत्येक स्कूल में कम से कम 75 फलदार वृक्षों के पौधे लगाए जाएंगे। कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक में डीएम ने इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करने को कहा।प्रभागीय वनाधिकारी और जिला वृक्षारोपण समिति के सचिव डॉ. रवि कुमार सिंह ने कार्ययोजना के बारे में बताया। बैठक में पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति, रेशम, कृषि, स्वास्थ्य, उद्यान, उद्योग, ऊर्जा, माध्यमिक शिक्षा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा, रेलवे, गृह विभाग की कार्य योजना अब तक नहीं आई है। इस पर डीएम अभिषेक प्रकाश ने गुरुवार की शाम तक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के लिए इन विभागों को समय सीमा दी। साथ ही सभी विभागों को माई ट्री ऐप डाउनलोड करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रत्येक फील्ड स्तरीय कर्मचारी को सरकारी जमीन पर एक-एक पौधा लगाने और देखरेख करने का निर्देश दिया। साथ ही लोगों को प्रेरित करें कि अपने परिवार के सदस्यों के नाम से पौधा लगाएं। इसके अलावा मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, पीएम आवास के लाभार्थियों सहित स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत शौचालय प्राप्त लाभार्थियों की ओर से एक दिन में एक साथ पौधे लगाने की योजना भी बैठक में तैयार हुई।
लखनऊ -विभाग स्कूलों को गोद लेकर लगाएंगे पौधे

