पहला सीतापुर । ब्लॉक पहला के सरैया राजा साहब के अस्पताल के निकट बने चौधरी चरणसिंह पार्क में शनिवार को समैसा आश्रम लखीमपुर से आए संत मौनी बाबा ने श्रद्धालुओं की मंशानुरूप लोक कल्याण के लिए अग्नि तपस्या शुरू कर दी। संतश्री द्वारा यह तपस्या शनिवार की शाम को एक घेरे में जलती हुई अग्नि के मध्य बैठकर शुरू की गई और रविवार को पूरा दिन खुली धूप में भी अग्नि के बीच बैठे रहे। सहयोगियों ने बताया कि यह तपस्या संत की इच्छा अनुरूप चलेगी। संत द्वारा इस प्रकार किए जा रहे तप की बात सुनकर दूर दूर से श्रद्धालु दर्शन करने आने लगे और तांता लगा रहा। बालू के चबूतरे पर बैठे संत के चारों ओर लगातार कंडे और लकड़ी के बोटे जलाकर अग्नि जलाने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में रामचंद्र, कथा व्यास राजेश यादव, महेश यादव, रघुवीर, राजाराम, कमलेश यादव आदि मौजूद रहे।
सीतापुर – बाबा ने श्रद्धालुओं की मंशानुरूप कल्याण को अग्नि तपस्या शुरू की

