ऐशबाग जलकल को जाने वाली मुख्य पाइप लाइन मंगलवार को अचानक फट गई। इसकी वजह से तेजी से पानी बहने लगा। जानकारी के बाद जलकल विभाग की टीम इसकी मरम्मत के लिए जुट गई। गऊघाट से ऐशबाग को रा वाटर की सप्लाई बंद करनी पड़ी। इससे शाम को कई इलाकों में पानी का संकट रहा।गऊघाट से ऐशबाग जलकल को रा वाटर आता है। 20 इंच व्यास की पाइप लाइन से गऊघाट से ऐशबाग जलकल को पानी आता है। मंगलवार को मुसाहिबगंज नटवीर बाबा की पुलिया के पास अचानक मुख्य पाइप लाइन फट गई। इससे लाखों लीटर पानी बहने लगा। मामले की जानकारी जलकल विभाग को हुई तो तुरंत इसे दुरुस्त कराने का काम शुरू किया गया। फिलहाल फौरी तौर पर गऊघाट के एक पंप से पानी की सप्लाई बंद की गई। इसकी मरम्मत में लंबा वक्त लगेगा। इससे ऐशबाग जलकल से जलापूर्ति वाले क्षेत्र लालबाग, कैसरबाग, मौलवीगंज, माल एवेन्यू, हजरतगंज, आंशिक, लाटूश रोड, नाका हिंडोला, चारबाग, मोती नगर, आर्य नगर, गढ़ी कनौरा, करेहटा, अंबेडकर नगर, छितवापुर, मनकामेश्वर, बाबूगंज आंशिक, निशातगंज, न्यू हैदराबाद तथा फैजाबाद रोड सहित कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पाई। शाम को काफी कम प्रेशर से पानी आया।आज भी मरम्मत के चलते इन इलाकों में रहेगा पानी का संकटपेयजल पाइप लाइन की मरम्मत के चलते बुधवार को भी राजधानी के कई इलाकों में पेयजल संकट रहेगा। हालांकि पूरी तरह से पानी की सप्लाई नहीं बंद होगी। जलकल के सचिव ने बताया की गऊघाट पंपिंग स्टेशन से एक पंप बंद कर दिया। बुधवार को भी मरम्मत का काम चलेगा। इसकी वजह से न्यू हैदराबाद, फैजाबाद रोड, निशातगंज, बाबूगंज, मनकामेश्वर, छितवापुर, अंबेडकरनगर, करेहटा, गढ़ी कनौरा, आर्य नगर, मोती नगर, भदेवां, ऐशबाग, चारबाग, नाका हिडोला, लाटूश रोड, हजरतगंज, मौलवीगंज, कैसरबाग, लालबाग क्षेत्र में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
लखनऊ -मुख्य पाइप लाइन फटी कई स्थानों पर पेयजल संकट

