कालीचरण इंटर कालेज के प्रिंसिपल डॉ. महेन्द्र नाथ राय को प्रबन्धन ने कई अनियमितताएं बरतने के आरोप में गुरुवार को निलम्बित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिये ठाकुरगंज पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।कालीचरण विद्यालय इण्डाऊमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक वीके मिश्र का आरोप है कि प्रिंसिपल डॉ. महेन्द्र नाथ राय ने सहायक अध्यापकों की भर्ती में नियम विपरीत कमेटी गठित कर नियुक्तियां कर लीं। यह भी आरोप लगाया गया है कि छह मई 2014 से 30 जून 2014 तक अवैतनिक अवकाश लेकर महेन्द्र नाथ ने आजमगढ़ के मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज में कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद अवैतनिक अवकाश को उपार्जित अवकाश में परिवर्तित कराकर वेतन भुगतान करा लिया और इस बारे में प्रबन्धन को कुछ नहीं बताया। इसी तरह अधिष्ठाता से छात्रहित में कोई व्यय नहीं किया गया। ऐसे ही कई आरोप सही पाये जाने पर यह कदम उठाया गया।नौ जून को ही प्रबन्धक वीके मिश्र की ओर से ठाकुरगंज कोतवाली में निलम्बित प्रिंसिपल के खिलाफ तहरीर दी गई है। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर हरिश्चन्द्र निम का कहना है कि धोखाधड़ी के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ में कालीचरण इंटर कालेज के प्रिंसिपल निलम्बित

