लखनऊ – एक्शन में सीएम योगी, उपद्रवियों की पूरी कुंडली खंगालने के निर्देश

by | Jun 12, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं जो नजीर बने। उन्होंने कहा कि साजिशकर्ताओं ने अपने कुत्सित उद्देश्यों के लिए किशोरवय युवाओं को मोहरा बनाया। ऐसे में मुख्य साजिशकर्ता की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच की जाए और ऐसे लोगों के विरुद्ध रासुका या गैंगस्टर एक्ट के तहत नियमसंगत कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री शनिवार की शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने साजिशकर्ताओं और अभियुक्तों के खिलाफ जांच के लिए वरिष्ठ अफसरों की अगुवाई में ‘डेडिकेटेड’ टीम बनाने का निर्देश दिया। कानपुर के बाद प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद, हाथरस, फिरोजाबाद व अंबेडकरनगर समेत विभिन्न जिलों में सामाजिक शांति-सौहार्द का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किए जाने की घटनाओं को देखते हुए यह समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कमाई समाज विरोधी कार्यों में ही खर्च होती है। ऐसे में साजिशकर्ताओं और अभियुक्तों के बैंक खातों एवं संपत्तियों का पूरा विवरण एकत्र किया जाए और इनके आर्थिक स्रोत की गहनता से पड़ताल की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी अपराधी की किसी अराजक घटना में दोबारा संलिप्तता पाई जाए तो चार्जशीट में इसका भी उल्लेख किया जाए। यह समझना होगा कि असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसे प्रयास आने वाले दिनों में फिर से हो सकते हैं। इन लोगों का उद्देश्य प्रदेश के शांति-सौहार्द को बिगाड़ना है। इस कारण पुलिस और प्रशासन को हर समय अलर्ट मोड में रहना होगा। कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पक्षों से संवाद बनाए रखा जाए। इसके लिए संवाद और सेक्टर स्कीम लागू की जाए। साथ-साथ उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रखी जाए। कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए फील्ड के अधिकारियों के पास सभी तरह के निर्णय लेने का अधिकार है। जिस भी जिले में आने वाले दिनों में माहौल बिगड़ने की आशंका हो, वहां धारा 144 को प्रभावी किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और हर दिन शाम को पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे। दोषियों से हो क्षति की वसूली मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक और आमजन की संपत्तियों को हुई क्षति की वसूली प्रत्येक दशा में संबंधित दोषी व्यक्ति से ही कराई जाए। प्रयागराज में वसूली की नोटिस भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, अन्य जिले भी तत्परता के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक भी निर्दोष को छेड़ा न जाए और किसी दोषी को छोड़ा न जाए। बुलडोजर की कार्रवाई पेशेवर अपराधियों के विरुद्ध मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई पेशेवर अपराधियों और माफिया के विरुद्ध है। यह कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए, लेकिन किसी गरीब के घर पर गलती से भी कोई कार्रवाई नहीं होगी। यदि किसी गरीब असहाय व्यक्ति ने किन्हीं कारणों से अनुपयुक्त स्थान पर आवास निर्माण करा लिया है तो पहले स्थानीय प्रशासन द्वारा उसका समुचित व्यवस्थापन किया जाए, फिर कोई कार्रवाई हो। उन्होंने फिर दोहराया कि किसी भी जिले में अवैध टैक्सी, बस या रिक्शा स्टैंड संचालित न हों। ऐसे स्टैंड अवैध वसूली होने को बढ़ावा देते हैं। कार्यालयों में रोज एक घंटे सुनवाई हो मुख्यमंत्री ने;कहा कि तहसीलों व प्राधिकरणों जैसे जन हित से सीधा जुड़ाव रखने वाले कार्यालयों में हर दिन एक घंटे की अवधि जनसुनवाई के लिए नियत है। इस अवधि में अधिकारी जनता से मिलें, उनकी समस्याएं सुनें और मेरिट पर उसका निस्तारण करें। आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन भी जनता की समस्याओं के निदान का अच्छा माध्यम बनकर उभरी है, इसके प्रकरण लंबित न रहें। हर कार्यालय में इनकी लगातार समीक्षा होनी चाहिए।