उत्तर प्रदेश – 9 जिलों में उपद्रव से जुड़े मामलों में अब 333 गिरफ्तार

by | Jun 14, 2022 | अपराध, ई पेपर, जनहित, नेशनल, बड़ी खबर, राजनीती, स्थापना और प्रेरणा | 0 comments

उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद और फिरोजाबाद सहित नौ जिलों में उपद्रवी तत्वों की नारेबाजी और पथराव की हिंसक वारदातों के मामले में पुलिस ने अब तक 333 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक सोमवार को उपद्रव वाले शहरों से 316 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। सोमवार को शाम 07 बजे तक हिरासत में लिए गए लोगों के आंकड़ों के मुताबिक कुल 9 डिलों में दर्ज की गई 13 एफआईआर के तहत की गई कार्रवाई में ये गिरफ्तारियां हुई हैं।इससे जुड़े आंकड़ों के मुताबिक प्रयागराज में दर्ज तीन एफआईआर के तहत 92 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा सहारनपुर में भी दर्ज तीन एफआईआर के तहत 81 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से दी गई जानकरी के मुताबिक सोमवार को जिले में सहारनपुर शहर और देवबंद कस्बे को मिलाकर 102 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।हाथरस में दर्ज हुई एक एफआईआर के तहत 51 संदिग्धों को, अम्बेडकरनगर में एक एफआईआर दर्ज होने के बाद 41 लोगों को, मुरादाबाद में एक एफआईआर दर्ज कर 40 लोग और फिरोजाबाद में एक एफआईआर दर्ज कर 17 संदिग्ध गिरफ्तार हुए। वहीं, अलीगढ़ में 6 और जालौन में 5 संदिग्ध गिरफ्तार हुए हैं। उपद्रव से जुड़े मामले में एक एफआईआर लखीमपुर खीरी में भी दर्ज हुयी है, हालांकि अभी तक खीरी में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।गौरतलब है कि बीते दिनोंपैगंबर मुहम्मद पर हुई विवादित टिप्पणी के विरोध में इन स्थानों पर उपद्रव हुए हैं। गत सप्ताह शुक्रवार 03 जून को कानपुर के बेकनगंज इलाके में जुमे की नमाज के बाद भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पथराव कर हिंसा फैलाने की कोशिश की थी। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में इस सप्ताह जुमे की नमाज के बाद कानपुर जैसी वारदात ना हो, इसके लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए थे।